केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) बद्दी कार्यालय में तैनात ड्रग इंस्पेक्टर को सीबीआई ने अमृतसर में बुधवार को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी को रिश्वत देते क्वालिटी ड्रग प्रमोटर दवा कंपनी के दो मालिकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी ड्रग इंस्पेक्टर अंकुर बंसल हिल व्यू कॉलोनी बद्दी का रहने वाला है और बद्दी स्थित चंडीगढ़, पंजाब व हिमाचल जोन के कार्यालय में तैनात था। यहां से वह अमृतसर की एक दवा कंपनी में निरीक्षण के लिए गया था। जब कंपनी मालिकों और ड्रग इंस्पेक्टर के बीच लेनदेन चल रहा था, उसी दौरान सीबीआई ने दबिश देकर तीनों को रिश्वत देते और लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि जांच टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर अंकुर को गिरफ्तार करने के बाद उसके बद्दी स्थित हिल व्यू आवास पर भी दबिश दी। कुछ और सुराग पाने के लिए सीबीआई ने आरोपी के आवास को सील कर दिया है।
ड्रग इंस्पेक्टर अंकुर सीडीएससीओ के बद्दी के समीप शीतलपुर कार्यालय में तैनात था और उसके खिलाफ कई शिकायतें मिल रही थीं। बद्दी से भेजे गए ड्रग इंस्पेक्टर के पीछे पहले से ही सीबीआई की टीम नजरें लगाए हुए थी।