उपमंडल के चौंकीवाला स्थित एक फार्मा उद्योग में कंप्रेशर फटने से एक कामगार की मौत हो गई। दूसरे गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया। कंप्रेशर में अचानक आई खराबी के चलते दो कामगार इसे ठीक करने में लगे थे कि अचानक इसमें ब्लास्ट हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक रविवार देर शाम नालागढ़ के चौंकीवाला स्थित एक्मे फार्मूलेशन फार्मा उद्योग में कंप्रेशर में तकनीकी खराबी आई।
इसके चलते बीर सिंह (39) पुत्र भगवान चंद, निवासी गांव बिजनौर, यूपी और बलजीत सिंह पुत्र भजन लाल निवासी गांव खैराबाद, तहसील व जिला रोपड़, पंजाब इसकी मरम्मत करने के लिए गए थे कि अचानक कंप्रेशर में ब्लास्ट हो गया। इससे बीर सिंह की मौत हो गई, जबकि बलजीत सिंह गंभीर घायल हो गया।
एएसपी निश्चिंत नेगी ने कहा कि पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ भादंसं 336, 337 के तहत मुकदमा कायम कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है, जबकि घायल के बयान दर्ज किए हैं।