ओडिसा में करोड़ों रुपये के चिटफंड घोटाले में सीबीआई की एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने शिमला में दो स्थानों पर छापामारी की है। सीबीआई टीम ने पैसा दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये ऐंठने वाली कंपनी के न्यू शिमला के सेक्टर-4 स्थित दो कार्यालयों में दबिश दी।
दो दिन तक पूरा रिकॉर्ड खंगालने के बाद टीम कई अहम दस्तावेज लेकर सोमवार को दिल्ली लौट गई है। सीबीआई के दिल्ली मुख्यालय के एक उच्च अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। टीम ने शिमला के अलावा चंडीगढ़, लुधियाना और दिल्ली स्थित कंपनी के कार्यालयों में भी एक साथ छापामारी की है।
सीबीआई के अनुसार ओडिसा की चिटफंड कंपनी गोल्डन लैंड डेवलपर्स ग्रुप से जुड़े मामले में यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। चिट फंड घोटाले में हजारों लोगों को पैसे दोगुना करने का लालच देकर फंसाया गया।