सीसीटीवी कैमरों पर काली स्प्रे कर नकाबपोश यूको बैंक का एटीएम काटकर उसका कैश बॉक्स उड़ा ले गए। यही नहीं पीएनबी के एटीएम को भी तोड़ने की कोशिश की गई। मगर यहां से शातिर कैश नहीं ले जा पाए।
एक रात में चोरी के ये दोनों मामले हिमाचल के कांगड़ा के हैं। यहां जिले के मलां में रविवार रात को यूको बैंक का एटीएम काटकर नकाबपोश कैश बॉक्स उड़ाकर ले गए। कैश बाक्स में कुल 60 हजार रुपये थे।
इसके बाद शातिरों ने 53 मील में पीएनबी के एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए। पुलिस को 53 मील इलाके में कैश बॉक्स का एक टुकड़ा मिला है। इससे कयास लगाए जा रहे है कि शातिर कांगड़ा की ओर फरार हुए हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। दोनों ही एटीएम में सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं थे।