सेब से लदा एक ट्रक फल मंडी में पहुंचने से पहले ही रास्ते से गायब हो गया। ट्रक में करीब सात लाख के सेब भरे थे। कारोबारी ने अंदेशा जताया है कि ट्रक ड्राइवर मिलीभगत से कहीं दूसरी जगह ही सेब बेच दिए। अब आरोपियों के मोबाइल स्विच ऑफ चल रहे हैं।
ट्रक में सेब की 668 पेटियां थीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना ढली में मुकदमा दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में कारोबारी मनीष कुमार निवासी रंजीत फ्रूट कंपनी सुभाष चौक द्ररभंगा बिहार ने कहा कि उसने फल मंडी ढली से 28 सितंबर को दरभंगा के लिए एक यूपी नंबर ट्रक में सेब की पेटियां भेजीं।
ट्रक को यहां से रवाना करने से पहले ड्राइवर को बीस हजार रुपये भी दिए। लेकिन आज तक ट्रक दरभंगा नहीं पहुंचा। ट्रक ड्राइवर का मोबाइल भी स्विच आफ जा रहा है। कारोबारी ने अंदेशा जताया है कि ट्रक मालिक, ड्राइवर और दो अन्य लोगों ने मिलीभगत कर सेब कहीं दूसरी जगह ही बेच दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक डीडब्ल्यू नेगी ने कहा कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्जकर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।