बरोटीवाला पुलिस ने युवती पर तेजाब फेंकने के आरोपी युवक को बद्दी बैरियर से गिरफ्तार कर लिया है। युवक बद्दी से भागने की तैयारी में था। पुलिस के पास युवक की फोटो थी और इसी के आधार पर उसे पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान बिहार राज्य के पटना जिले के इबराईमपुर निवासी संतोष कुमार के रूप में की है। युवती यूपी के बुलंदशहर की बताई जा रही है।
ये दोनों पिछले डेढ़ वर्ष से झाड़माजरी में स्वच्छ पानी तैयार करने वाली कंपनी में काम करते थे। दोनों की आपस में बातचीत थी। बात शादी तक भी पहुंच गई थी। लेकिन, चार माह पूर्व युवती ने यह फैक्टरी अचानक छोड़ दी। युवक नहीं चाहता था कि वह यहां से काम छोड़े। इसके लिए वह उस पर दबाव बनाता था। युवती इसी फैक्टरी के साथ हेल्थ केयर का सामान बनाने वाली कंपनी में लग गई।