घर पर अकेली महिला को दो नकाबपोशों ने जबरदस्ती जहर खिला दिया। मरने से पहले महिला ने फोन पर पड़ोसी को पूरी बात बताई लेकिन इसे बचाया नहीं जा सका। यह सनसनीखेज मामला हिमाचल के बिलासपुर में सामने आया। यहां उपमंडल घुमारवीं के अंतर्गत भराड़ी पंचायत में कथित तौर पर दो नकाबपोश लोगों ने एक महिला को जबरन जहर खिलाकर मौत के घाट उतार दिया।
हालांकि, अभी तक पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज नहीं किया है। पड़ोसी द्वारा दिए बयान के आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस तहकीकात के बाद ही वारदात का खुलासा हो सकेगा। बताया जा रहा है कि महिला ने घटनाक्रम की जानकारी मरने से पहले फोन पर अपने ही एक पड़ोसी को दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बलवीर ठाकुर ने स्वयं मौके का दौरा किया और मामले की छानबीन की।
घर में घुसकर जबरदस्ती खिलाया जहर
पुलिस के अनुसार भराड़ी थाना के तहत आने वाली ग्राम पंचायत भराड़ी के लोहट गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब दस बजे की है। पुलिस को दिए बयान में पड़ोसी ने कहा है कि कांता देवी सुबह अपने घर पर ही थी। सुबह उसने पड़ोसी को फोन किया और कहा कि उसे दो नकाबपोश व्यक्तियों ने जबरन जहर खिला दिया है।
इसके बाद पड़ोसी अन्य लोगों के साथ तुरंत उसके घर पहुंचे। लेकिन, वह महिला वहां पर अचेत अवस्था में पड़ी थी। उसे तुरंत भराड़ी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे बिलासपुर रेफर किया गया। लेकिन, उसकी रास्ते में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले ही महिला के पति ने भराड़ी थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी पत्नी को जान का खतरा है।
उसकी पत्नी को धमकियां मिल रही हैं। पुलिस इस मामले की छानबीन भी कर रही थी। मृतका महिला का पति अमृतसर में रहता है, जबकि दोनों बेटे चंडीगढ़ में नौकरी करते हैं। एसपी बिलासपुर बलबीर ठाकुर ने डीएसपी अंजनी जसवाल सहित स्वयं मौके का दौरा किया। एसपी बलवीर ठाकुर ने बताया कि पड़ोसी के बयान के आधार पर छानबीन की जा रही है।