प्रदेश के कुल्लू में उपमंडल बंजार की शरची पंचायत में चोर देवता घटोत्कच (खोडू) के मंदिर से तीन लाख रुपये का सामान उड़ा ले गए।
मंदिर से करीब साढे़ चार किलो चांदी और देवता के रथ में लगे आभूषण गायब हैं। इसमें सात चांदी और दो मोहरे अष्टधातु के हैं।
चोरों ने मंगलवार रात को इस घटना को अंजाम दिया है। इसके बाद चोर 200 मीटर दूर माता गाड़ादुर्गा मंदिर में रखे दानपात्र को भी उठाकर ले गए।
इसमें करीब 25 हजार रुपये चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि चोरी हुए सामान में देवता घटोत्कच का छत्र मिल गया है जबकि माता गाड़ादुर्गा का दानपात्र कुछ दूरी पर खाली मिला।
पुलिस टीम ने घटनास्थल की छानबीन शुरू कर दी है। चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है। देवता घटोत्कच के कारदार रमेश कुमार ने बताया कि साढे़ चार किलो चांदी सहित कीमती आभूषण चोरी हुए हैं।
उधर, माता गाड़ादुर्गा के कारदार मुरारी लाल ने बताया कि चोर माता का दानपात्र उठा कर ले गए हैं और उसमें रखे हजारों रुपये निकालकर दानपात्र को घटनास्थल से कुछ दूरी पर फेंक गए हैं।
उन्होंने बताया कि चोर माता के भंडार तक नहीं पहुंच पाए हैं। एसपी कुल्लू सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है और सभी थाना और चौकियों को अलर्ट कर दिया है।