सुंदरनगर (मंडी)। क्षेत्र की निहरी पंचायत के बजौड़ गांव में एक किसान बरसाती नाले में बह गया है। उसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रविवार रात को मूसलाधार बारिश के कारण खड्डे, नाले उफान पर थे। बजौड़ गांव का लक्ष्मण राम (65) सोमवार सुबह अपने खेत देखने चला गया। शाम तक वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उन्हें तलाशा। पुलिस को भी सूचना दी गई लेकिन रात हो जाने के कारण सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। परिजनों ने इधर-उधर तलाश की, रिश्तेदारों को भी पूछा मगर कोई जानकारी नहीं मिल पाई। मंगलवार सुबह पुलिस दल खेतों की ओर गया तो देखा कि बरसाती नाले से धान की फसल भी बह गई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि लक्ष्मण राम नाले में बह गए हों। आशंका यह भी जताई जा रही है कि कहीं बरसाती नाले के मलबे में तो नहीं दब गया हो या फिर बहाव में बहकर आगे बजौड़ खड्ड में चला गया हो। बजौड़ खड्ड में पानी का बहाव भी तेज है। इस कारण उनका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। लक्ष्मण सिंह की तलाश की जा रही है।
पुलिस चौकी निहरी के प्रभारी एएसआई कुलदीप कुमार ने बताया कि लक्ष्मण राम की तलाश में ग्रामीणों के साथ सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उसे खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे है। लेकिन अब तक उसके बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया है।
000