शिमला। यूको बैंक की माल रोड की मुख्य शाखा से पुराने नोटों से भरे ट्रंक को लेकर फरार हुए आरोपी के पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चुराए हुए पैसों से अपने पैतृक गांव में 20 लाख रुपये का मकान बना डाला। नोटबंदी के बाद पुराने नोटों की समयसीमा पूरी होने पर आरोपी ने करीब 13 लाख रुपये नदी में बहा दिए। वहीं करीब साढ़े छह लाख आरोपी के बैंक खाते में पाए गए, जिन्हें पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए तीन दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है।
पिछले साल दिसंबर में करसोग के जुड गांव के नार सिंह ने बैंक से एक करोड़ से अधिक रकम चुरा ली थी। इनमें से 68 लाख कुछ दिनों बाद बैंक के बाहर फेंककर चला गया था। अब पुलिस को आरोपी से करीब 40 लाख की रकम रिकवर करनी बाकी है। रकम रिकवर करने के लिए पुलिस उसके नए मकान समेत उसकी प्रापर्टी को सीज कर उसे अटैच करेगी। नार सिंह दस महीनों से अपने गांव में ही था। दस महीनों के भीतर आरोपी ने करीब 20 लाख रुपये से मकान बना तक बना डाला। दो महीने से आरोपी नार सिंह पर स्मार्ट पुलिस निगरानी रख रही थी। आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
पैसे रिकवर करने के लिए अटैच करेंगे प्रापर्टी
एसपी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि बैंक से पैसों का ट्रंक चोरी करने वाले आरोपी से पैसों को रिकवर करने के लिए उसकी सारी प्रापर्टी अटैच की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने करीब 20 लाख का मकान बनाया है, उसे भी अटैच किया जाएगा।