जिले में शादी का झांसा देकर एक 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब पांच माह तक आरोपी नाबालिग को कमरे में बंद कर शारीरिक शोषण करता रहा। शिकायत मिलने पर एएसपी मंडी पुनीत रघु ने आगामी कार्रवाई के लिए मामला सुंदरनगर पुलिस थाना भेजा है।
एएसपी मंडी को सौंपी शिकायत के अनुसार आरोपी ने जनवरी माह में पीड़िता के मां के नंबर पर कॉल किया। यह मोबाइल पीड़िता के पास होता है। आरोपी ने बार बार कॉल कर दोस्ती करने का आग्रह किया।
इस बीच जनवरी माह के पहले सप्ताह में ही आरोपी नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपने घर भगा ले गया। उसे डरा धमका कर बंद कमरे में रखा। आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
मुश्किल से युवती वहां से भागने में सफल रही और किसी तरह घर पहुंची। अब पीड़िता ने एएसपी मंडी को शिकायत सौंप कर कार्रवाई की मांग की है। एएसपी मंडी पुनीत रघु ने बताया कि पीड़िता की ओर से शिकायत मिली है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है।