पड़ोसी राज्य हरियाणा से सटा बद्दी अपराधों में अपना अलग मुकाम बना रहा है। पहले ही प्रवासी कामगारों का क्षेत्र होने से अपराधों में वृद्धि के बाद स्थानीय युवक भी अपराधों को अंजाम देने लगे हैं। ताजा मामले में बद्दी के युवा गैंग बनाकर न केवल उद्योगपतियों से चंदा उगाह रहे हैं बल्कि हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। दो दिनों में बद्दी से पंजाब और हरियाणा की पुलिस ने एक दर्जन युवाओं को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा पुलिस ने बद्दी से छह युवाओं को हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन युवाओं में जून माह में मर्डर को अंजाम दिया था। इसके तहत क्राइम ब्रांच हरियाणा की टीम ने छह युवाओं को गिरफ्तार किया है। इन युवाओं में पांच युवक मक्खनू माजरा के जबकि एक युवक हांडाखुंडी का है। ये सभी युवा 23 से 27 वर्ष के बीच के हैं जिन्हें हरियाणा पुलिस जांच के बाद गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। कुछ दिन पहले गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह की गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस ने बद्दी के पांच युवाओं को गिरफ्तार किया था। अगले ही दिन हरियाणा पुलिस छह युवाओं को अपने साथ गिरफ्तार करके ले गई है।
इन युवाओं में हेमराज उर्फ हेमू (23) पवन कुमार उर्फ पप्पी (24) पवन कुमार उर्फ बिल्ला (23) सोहनलाल उर्फ ज्ञानी (27) बलवीर उर्फ बल्लू (24) सभी निवासी मक्खनू माजरा जबकि चमन लाल उर्फ पम्मा (24) निवासी हांडाखुंडी तहसील बद्दी शामिल हैं। इन युवाओं ने जून माह में कालका तहसील के पिंजौर के समीप पपलोहा में खूनी वारदात को अंजाम दिया था। बता दें कि गैंग प्रमुख चमन लाल उर्फ पम्मा ने बीते माह बद्दी के दावत चौक में पूर्व विधायक के भतीजे और उसके दोस्तों के साथ भी मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस की प्राथमिकी में पम्मा गुट का नाम सामने आया था।
क्राइम ब्रांच हरियाणा के एसीपी आदर्श दीप सिंह ने पुष्टि कर बताया कि गिरफ्तारी की सूचना इन युवाओं के परिजनों को दे दी है।