फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर महंगे गिफ्ट के लालच में महिला ने गंवा दिए लाखों रुपये

Mon, 19 Nov 2018 01:25 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नादौन (हमीरपुर)
विज्ञापन
विज्ञापन

हिमाचल के हमीरपुर जिले के थाना क्षेत्र नादौन के तहत स्थानीय कस्बे में रहने वाली जिला ऊना की एक महिला को ऑनलाइन उपहार भेजने की आड़ में शातिरों ने 1.30 लाख रुपये उड़ा लिए हैं। दो बार महिला से उपहार के बदले कस्टम ड्यूटी जमा करवाने के लिए रकम मांगी गई। महिला ने दोनों बार रकम जमा करवा दी। जब तीसरी बार महिला को और रकम जमा करवाने के लिए फोन आया तो उसने खुद को ठगा हुआ महसूस किया।

विज्ञापन


ठगी का पता चलने पर महिला ने पुलिस थाना नादौन में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। महिला को सोशल मीडिया की एक साइट पर किसी ने गिफ्ट भेजने की बात कही। पहले तो महिला ने मना किया लेकिन, जब उक्त व्यक्ति ने दबाव डाला तो महिला ने उपहार के लिए हां कर दी। इसके बाद महिला के मोबाइल पर कॉल आई और उपहार को प्राप्त करने के लिए कस्टम ड्यूटी जमा करवाने के लिए 35 हजार रुपये की मांग की गई।

महिला ने बताए गए खाते में 35 हजार रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद दोबारा महिला को कॉल आई और उपहार महंगा होने और उसकी कस्टम ड्यूटी भी अधिक होने की बात कहकर शातिरों ने 95 हजार रुपये की मांग की। महिला ने 95 हजार रुपये भी जमा करवा दिए। इसके बाद महिला को तीसरी बार कॉल आई और करीब एक लाख 20 हजार रुपये जमा करवाने की बात कही गई। इस दौरान महिला ने खुद को ठगा हुआ महसूस किया और पुलिस थाना नादौन में शिकायत दर्ज करवा दी है।

थाना प्रभारी नादौन महेंद्र परमार का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित मामले में विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं। एएसपी बलवीर सिंह ने लोगों से आग्रह किया है कि सोशल मीडिया पर अपना अकाउंट नंबर, एटीएम कार्ड नंबर या पिन कोड न शेयर करें। उन्होंने किसी के भी झांसे में न आने और साइबर क्राइम से बचने का लोगों से आग्रह किया है।
विज्ञापन

शातिरों ने बैंक खाते से उड़ा लिए 40 हजार रुपये

गलोड़ (हमीरपुर)। तहसील गलोड़ मुख्यालय से सात किलोमीटर दूरी पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा गाहली के एक उपभोक्ता के खाते से 40 हजार रुपये उड़ाने का मामला सामने आया है। पीड़ित उपभोक्ता जगन्ननाथ ने इसकी शिकायत संबंधित शाखा प्रबंधक से की है।

जगन्नाथ निवासी नगैहड़ा का कहना है कि बीती 15 नवंबर को उसके खाते से लगातार चार ट्रांजेक्शन कर किसी शातिर ने चालीस हजार निकाल लिए हैं। उसने कहा कि सात नवंबर को उसने अपने एटीएम कार्ड से लुधियाना में अंतिम बार पैसे निकाले थे।  

उसके बाद एटीएम कार्ड का प्रयोग नहीं किया, लेकिन 15 नवंबर को सुबह जब वह अपने घर में था तो उसके फोन में अचानक पैसे डेबिट होने के लगातार मैसेज आने लगे। लगातार मैसेज आते देख जगन्नाथ ने इसकी सूचना बैंक कंट्रोल फ्री नंबर पर दी और कार्ड को बंद करवाया।

इसके बाद जगन्नाथ ने इसकी सूचना बैंक शाखा प्रबंधक को दी। जिस पर शाखा प्रबंधक ने छानबीन का आश्वासन जगन्नाथ को दिया। प्रबंधक आशीष का कहना है कि छानबीन के दौरान पाया गया कि यह सारी रकम मालवीय नगर (दिल्ली) स्थित एटीएम से निकाली गई।

शाखा प्रबंधक ने जगन्नाथ की शिकायत के आधार पर एटीएम को बंद कर दिया है। इस संदर्भ में जगन्नाथ ने पुलिस थाना बड़सर में ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करवाई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें