मंडी के सुंदरनगर में ‘खेलेगा युवा खिलेगा युवा’ थीम पर 19 मई से क्रिकेट प्रतियोगिता होने जा रही है। यह एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर के खेल मैदान में खेली जाएगी। इसमें सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की 48 पंचायतों, नगर परिषद के 13 वार्डों सहित विधायक, एसडीएम और पत्रकार एकादश की कुल 64 टीमें भाग लेंगी।
विधायक राकेश जम्वाल ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी होंगे। टीमों को किसी भी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। टीमों को वर्दी और किट भी प्रतियोगिता की आयोजन समिति की ओर से उपलब्ध करवाई जाएगी। टीम का खिलाड़ी संबंधित पंचायत या वार्ड का रहने वाला ही होना चाहिए।
प्रतियोगिता के दौरान कुल 65 मैच होंगे। शुरुआती मैच 15-15 ओवर के होंगे। इसके बाद अंतिम शृंखला में होने वाले मैच 20 ओवर के होंगे। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 51,000, उपविजेता को 31,000, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 21,000 और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 11,000 रुपये की नकद राशि बतौर पुरस्कार दी जाएगी।
मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज, विकेट कीपर, फील्डर और अनुशासित टीम, अंपायरों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, प्रतियोगिता के संयोजक अनिल गुलेरिया, सचिव दिव्या प्रकाश, जिला भाजपा महामंत्री ओमप्रकाश नायक और मीडिया प्रभारी सुरेंद्र पाल भारद्वाज मौजूद रहे।