फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल के चंबा में गोहत्या के बाद तनाव, पुलिस तैनात

विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल के चंबा में विशेष समुदाय से जुड़े लोगों के गांव में गाय को काटने और गोमांस सप्लाई के पुलिस को सबूत मिले हैं। मामला गरमाने के बाद अब पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर गाय के अवशेषों को बरामद कर तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
विज्ञापन


इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड के दौरान निशानदेही के लिए ले जाया जाएगा। पुलिस अब तक सबूत के तौर पर मांस, खून के नमूने लेकर उस बूचड़खाने को सील कर चुकी है, जहां इस प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया जाता था। उधर, रोष से भरे कलसूई पंचायत के रैनौला गांव के लोगों का कहना है कि इस गांव में पिछले काफी समय यह गतिविधि जारी थी। लिहाजा, पुलिस इस दिशा में शीघ्र कोई कड़ी कार्रवाई करे।

गौमांस सप्लाई का अंदेशा

मामला सामने आने के बाद फिलहाल यह संशय बना था कि पाए गए अवशेष किस पशु के हैं। पुलिस की ओर से जुटाए साक्ष्यों से यह बात पक्की हो चुकी है कि ये गाय के ही अवशेष हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि उक्त जगह पर यह धंधा काफी समय से चल रहा था। संभावना है कि यहां से अन्य जगह पर रहने वाले विशेष समुदाय के लोगों को गोमांस सप्लाई किया जाता रहा है।

डीएसपी चंबा हेडक्वार्टर बीर बहादुर ने बताया कि मामला काफी संगीन है। जिन तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ चल रही है। इस धंधे में शामिल अन्य लोगों को भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।

गोमांस पर भड़के लोग, पुलिस छावनी में बदला रैनोला

रैनोला गांव में गोमांस और गाय के अवशेष मिलने के बाद लोग भड़क गए हैं। सोमवार को करीब डेढ़ सौ लोग मौके पर पहुंच गए थे। स्थानीय लोगों और विशेष समुदाय के बीच विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस ने इलाके को पूरी तरह सील कर दिया है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सोमवार को गुस्साए लोगों को शांत करवाने के लिए एसडीएम चंबा वचन सिंह, एसपी विरेंद्र तोमर, डीएसपी हेडक्वार्टर बीर बहादुर सिंह और एसएचओ दिनेश को हस्तक्षेप करना पड़ा है।

रैनोला गांव पूरा दिन पुलिस छावनी में बदला रहा। दिन भर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटना के बारे में लोगों से पूछताछ करते रहे। पुलिस ने उस जगह को सील कर दिया है, जहां से गोहत्या के गोमांस सप्लाई करने के लिए तैयार किया जाता था। घटनास्थल पर एक के बाद एक आलाधिकारियों के पहुंचने से यह मामला काफी गर्माया हुआ है।

पुलिस हर पहलू पर कड़ी नजर रख रही है। बताया जा रहा है कि मामला सुलझाए जाने तक यूं ही घटनास्थल पर पुलिस तैनात रहेगी। एसडीएम चंबा वचन सिंह ने बताया कि इस तरह के संजीदा मामले को लेकर प्रशासन मुस्तैद है। हालांकि, इससे बहुल विचारधारा को ठेस पहुंची है। बावजूद इसके अशांति का दामन थामना उचित नहीं है।
विज्ञापन

प्रदेश नहीं रुक रहीं गोहत्या जैसी घटनाएं : विहिप

विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री मनोज कुमार ने कहा कि प्रदेश में गोतस्करी और गोहत्या जैसी घटनाएं नहीं रुक रही हैं। एक विशेष समुदाय के लोग हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने के लिए ऐसे कुकृत्य करते हैं, क्योंकि हिंदू गो को माता के रूप में पूजते हैं। मीडिया को जारी एक वक्तव्य में उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है।

राज्य में गोहत्या और गोतस्करी जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार ढुलमुल रवैया अपनाए हुए है। सराहां में गो तस्करी का मामला हो या नूरपुर क्षेत्र में गोतस्करी का मामला, सरकार के ढुलमुल रवैये के चलते गोतस्करों के हौसले बुलंद हैं। चंबा जिले के रैनोला गांव में गो की निर्मम हत्या का मामला हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि तीन आरोपियों गोहत्या की है।

अन्य 15-20 लोग भी इसमें शामिल हैं। ऐसे लोगों को आजीवन कारावास या मृत्युदंड दिया जाना चाहिए। उनकी संपत्ति कुर्क करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लग सके। गो तस्करी तथा गो हत्या के लिए सरकार को अगले विधानसभा सत्र में एक प्रस्ताव पारित कर ठोस कानून बनाना चाहिए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें