कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के मैदान में 14 फरवरी से 12 मार्च तक होने वाली सेना भर्ती के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन और सैन्य अधिकारियों की बैठक में तैयारियों पर कई फैसले लिए गए। एसडीएम पालमपुर धर्मेश रमोत्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्नल संदीप सिरोही, एमएस डॉ. विनय महाजन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में युवाओं के ठहरने, भोजन, यातायात सुविधा, वाहनों की पार्किंग, सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा, मैदान की सफाई, पेयजल, मैदान में बिजली और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की गई। इसके लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए।
एसडीएम ने कहा कि भर्ती के दौरान अकसर देखने में आता है कि बहुत से युवा खुले आसमान के नीचे सोते हैं। ठंड को देखते हुए युवाओं को प्रशासन रात गुजारने के लिए आश्रय उपलब्ध करवाने का प्रयास करेगा। खुले स्थान पर टेंट लगाकर बिस्तर का प्रावधान की व्यवस्था करने के प्रयास किए जा रहे हैं। भर्ती रैली में प्रतिदिन आने वाले युवाओं के ठहरने वाले स्थान से शटल बस सेवा की भी सुविधा दी जाएगी। खाना भी सस्ती दरों पर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की अनुमति पर खाने-पीने के स्टाल लगेंगे। स्वेच्छा से सहयोग देने वाली समाजसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।