पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि जयराम सरकार के काम धरातल में नहीं दिख रहे। भाजपा ने सत्ता पर आने से पहले बड़े दावे किए गए थे लेकिन प्रदेश में वस्तुस्थिति विपरीत है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के शीत सत्र में नहीं जा पाउंगा। हिमाचल का विकास कांग्रेस सरकार ने ही किया है और धर्मशाला में विधानसभा भवन भी कांग्रेस ने बनाया है। धर्मशाला में शीतकालीन सत्र आयोजित करने का फैसला भी कांग्रेस सरकार ने ही लिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया में लाइव आकर कहा कि वह धर्मशाला के शीत सत्र में हिस्सा लेने जाना चाहते थे लेकिन उन्हें डॉक्टरों ने नहीं जाने की सलाह दी है। विधानसभा के बजट सत्र में वह जरूर जाएंगे। कांग्रेस सरकार ने कभी जातिवाद को बढ़ावा नहीं दिया। प्रदेश के समग्र विकास को प्राथमिकता दी है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया, शिक्षण संस्थान, स्वास्थ्य संस्थान सहित अनेक क्षेत्रों में विकास किया। लड़कों और लड़कियों को उनके घरों के पास स्कूल और कॉलेज खोले गए ताकि उनको कोई परेशानी न हो।