हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रधान निजी सचिव आरएन बत्ता के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मंगलवार को उनकी रिपोर्ट आने के बाद सचिवालय में हड़कंप मच गया है। पीएम मोदी दौरे के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ प्रधान निजी सचिव आरएन बत्ता, मुख्य सचिव व राज्य सरकार के दो से तीन अफसर इनके साथ हेलीकॉप्टर में लौटे थे।
पीएम के कार्यक्रम में कोरोना निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद मिला प्रवेश : डीसी
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी के कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री समेत कई नेता व उनके संपर्क में आए लोग होम क्वारंटीन हो गए हैं। मामले को लेकर उपायुक्त कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही एंट्री दी गई।
उन्होंने कहा कि पीएम के कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री, विधायक व अधिकारियों के कोरोना सैंपल एक और दो अक्तूबर को लिए गए थे। एसपीजी ने इसके लिए 48 घंटे की निगेटिव रिपोर्ट को ही प्राथमिकता दी। ऐसे में पीएम की जनसभा में शामिल हुए लोगों को भी कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट होने पर ही अंदर जाने दिया गया। डीसी ने कहा कि कई नेता व अधिकारियों की रिपोर्ट तीन अक्तूबर की सुबह प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में कोरोना नियमों का पूरी तरह से पालन किया गया है।