स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को एक दिन में सबसे अधिक 5,249 सैंपलों की जांच की। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,196 पहुंच गई है। शनिवार को 31 मरीजों ने कोरोना को मात दी।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना एक बार फिर डराने लगा है। शनिवार को प्रदेश में कोरोना संक्रमित होम आइसोलेट बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि संक्रमण के 354 नए मामले आए हैं। प्रदेश में कोरोना के सकि्रय मरीजों की संख्या 1196 पहुंच गई, जबकि 31 मरीजों ने महामारी को मात दी है। शनिवार को 5,249 सैंपलों की जांच की। उधर, कोरोना संक्रमित नेपाल मूल के बुजुर्ग की होम आइसोलेशन में मौत हो गई। प्रशासन ने कोविड प्रोटोकॉल के तहत मृतक का अंतिम संस्कार किया है। एहतियातन निर्देश भी जारी किए हैं।
विज्ञापन
शिमला जिले के जुब्बल में बाजार के नजदीक गुनतू में रह रहे नेपाल मूल के बुजुर्ग नर बहादुर (70) बीते 30 मार्च को बुखार आने पर जुब्बल अस्पताल पहुंचे थे। जांच में उनके एक्सरे और अन्य टेस्ट सही पाए गए, लेकिन वह कोविड पॉजिटिव निकले। वह नेपाल से कुछ दिन पहले ही यहां आए थे। कोविड वैक्सीनेशन को लेकर भी उनके पास कोई जानकारी नहीं थी। उन्हेंे होम आइसोलेशन में रखा गया था, शुक्रवार देर शाम को उनकी मौत हो गई। कोविड प्रोटोकाल के अनुसार एसडीएम जुब्बल राजीव सांख्यान और जुब्बल अस्पताल से डॉ. कार्तिक की उपस्थिति में कर्मचारियों ने शनिवार सुबह परहाट पुल के समीप उनका अंतिम संस्कार किया।
खत्म हो चुकी है बूस्टर डोज, केंद्र से नहीं मिली
केंद्र सरकार से हिमाचल को एक लाख बूस्टर डोज अभी नहीं मिली हैं। प्रदेश में लोग बूस्टर डोज लगाने के लिए इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में बूस्टर डोज भी खत्म हो चुकी हैं।