वहीं, भटियात हलके की ग्राम पंचायत कामला के तरंगड़ा गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आया है। इसके बाद गांव को सील कर दिया गया है। समीपवर्ती गांव कामला प्रथम को बफर जोन घोषित किया गया है। इन गांवों में कर्फ्यू ढील नहीं होगी। सील एरिया में जरूरी सामान पहुंचाने की जिम्मेदारी पंचायत प्रतिनिधियों की होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोग बेवजह घरों से न निकलें। गौरतलब है कि मंगलवार को जिला चंबा में दो कोरोना पॉजिटिव मामले आए थे।
भटियात के तरंगड़ा गांव में होम क्वारंटीन व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह व्यक्ति बीते दिनों लुधियाना से आया था। उसे प्रशासन ने होम क्वारंटीन किया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद व्यक्ति को कोविड केयर सेंटर बालू लाया गया है। एसडीएम भटियात बचन सिंह ने बताया कि एक कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आने के बाद तरंगड़ा गांव को सील व कामला प्रथम को बफर जोन बनाया गया है। संपर्क में आए नौ लोगों के सैंपल लिए गए हैं। ये लोग पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए थे।
पॉजिटिव के संपर्क में आए जिया के 15 लोग होम क्वारंटीन
वहीं कांगड़ा के नगरी के नजदीक राख गांव से कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति अपने मामा के घर जिया गांव में भी एक रात ठहरा था। पंचायत प्रधान मिलाप ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले दिल्ली से एक व्यक्ति अपने गांव राख आया है। वह आर्मी में है और जिया आया था। उसकी सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सुरक्षा का ध्यान रखते हुए उस परिवार के 15 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। एक पत्र बीएमओ गोपालपुर, तहसीलदार पालमपुर और सीएमओ कांगड़ा को भी भेजा गया है। जल्द इनके टेस्ट भी करवाए जाएंगे। मिलाप ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से राख-बड़सर रोड को ग्रामीणों के सहयोग से बंद कर दिया गया है।