फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in Himachal: मंडी में 37, सोलन में 32 कोरोना पॉजिटिव, प्रदेशभर में 119 संक्रमित

Mon, 03 Aug 2020 11:38 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
विज्ञापन
कोरोनावायरस - फोटो : PIB
विज्ञापन

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को 119 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। मंडी में 37, सोलन में 32, ऊना में 26, बिलासपुर में 9, कांगड़ा में 6, चंबा में 4, हमीरपुर-शिमला में 2-2 सिरमौर में 1 मामला आया है। बिलासपुर में एम्स कोठीपुरा के निर्माण कार्य के लिए बाहरी राज्यों से आए नौ मजदूर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

विज्ञापन


जिला मंडी में कोरोना वायरस तेजी से अपने पांव पसार रहा है। सोमवार को एक साथ कोरोना संक्रमण के 37 मामले सामने आने से हड़कंप मचा हुआ है। जिला में एक दिन में संक्रमित होने वालों का यह आंकड़ा अब तक का सर्वाधिक है। कोरोना पॉजिटिव निकलने वालों में 23 बगस्याड और थुनाग के हैं। चिंताजनक यह है कि 22 मामले सराज के एक ही खुनागी गांव के हैं। ये सभी मीट विक्रेता दोनों भाइयों के प्राइमरी कांटेक्ट में आए हैं। दोनों भाई पहले ही पॉजिटिव पाए गए थे।

चार संक्रमित मंडी के पैलेस कॉलोनी वार्ड से हैं जबकि दो कर्मचारी जीएम आफिस (इंडस्ट्री) से संक्रमित पाए गए हैं। ये जीएम के प्राइमरी कांटेक्ट में आए हैं। जीएम पॉजिटिव आने के बाद घर में ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। सुंदरनगर के ध्वाली क्षेत्र से एक मामला सामने आया है। सुंदरनगर के ध्वाली का 27 वर्षीय युवक रूस से एमबीबीएस कर लौटा है। दिल्ली से टैक्सी में 26 जुलाई को सुंदरनगर पहुंचा था और वहां होटल में क्वारंटीन था। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने 30 पॉजिटिव मामलों की पुष्टि की है। बल्ह से 3, सुंदरनगर से 2, थुनाग-चच्योग से 1-1 मामला आया है।
विज्ञापन


ऊना जिले में एक साथ 26 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह अब तक का कोरोना संक्रमितों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। भटोली गांव के 16 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें चार से सात साल के तीन बच्चे और आधा दर्जन पुरुष और सात महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। कोटलाकलां गांव में तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव है।

इनमें एक 15 वर्षीय युवक और 24 वर्षीय युवक तथा 55 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। डंगोली गांव में 22 वर्षीय युवक और 45 वर्षीय महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। देहलां गांव का 35 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। रक्कड़ कॉलोनी का 61 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। हरोली उपमंडल के पंजावर में 29-29 वर्ष के दो युवक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हरोली के सलोह में भी जम्मू से लौटा 23 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। सीएमओ डॉ. रमन शर्मा ने 26 पॉजिटिव केस आने की पुष्टि की है।

सोलन जिले में कोरोना के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हालांकि अधिकांश मामले संस्थागत संगरोध से जुड़े हैं लेकिन कुछ लोग कोरोना संक्रमितों के सीधे संपर्क में आने से भी पॉजिटिव हुए हैं। सोमवार को जिले में 32 मामले कोरोना पॉजिटिव आए हैं। खास यह है कि पहली बार सोलन सब्जी मंडी में कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है। यहां से तीन यात्री कोविड-19 की चपेट में आए हैं। सोमवार को सीआरआई कसौली से आई रिपोर्ट में सोलन के तीन और बद्दी में 22 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

इनमें सब्जी मंडी सोलन पहुंचे तीन यात्री शामिल हैं। वहीं अल्ट्राड्रग बद्दी, हाउसिंग बोर्ड बद्दी और विंग्स बायोटेक के कर्मचारी कोरोना संक्रमितों में शामिल हैं। इनमें से 10 लोग कोरोना संक्रमित लोगों के संपर्क में आए हैं। वहीं, 15 लोगों को इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन किया था। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि 32 मामले सामने आए हैं। सभी कोरोना संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर में उपचार के लिए स्थानांतरित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

कांगड़ा जिले में सोमवार को कोरोना के छह नए मामले आए हैं। इनमें से पश्चिम बंगाल से आए 23, 21 और 19 वर्षीय तीन मजदूर शामिल हैं। ये 26 जुलाई को इंदौरा के भोग्रां में एक ठेकेदार के पास काम करने आए थे। ठेकेदार ने उन्हें क्वारंटीन किया था और उनके सैंपल लिए गए थे, जो सोमवार को पॉजिटिव आए हैं।

तीनों मजदूरों को कोविड केयर सेंटर डाढ़ भर्ती किया गया है। वहीं संक्रमित चाचा के संपर्क में आने से जवाली के जरपाल गांव का 20 वर्षीय भतीजा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड केयर सेंटर बैजनाथ भेज दिया गया है। 

इसके अलावा देहरा के मरहेड़ा गांव का 26 वर्षीय अर्धसैनिक बल का जवान संक्रमित पाया गया है। यह चेन्नई से कांगड़ा आया था और होम क्वारंटीन था। वहीं एसएसबी सपड़ी का भी एक 29 वर्षीय जवान कोरोना पॉजिटिव आया है। यह 25 जुलाई को उत्तराखंड से आया था। दोनों जवानों को कोविड केयर सेंटर बैजनाथ शिफ्ट किया गया है। डीसी राकेश प्रजापति ने मामले की पुष्टि की है।
विज्ञापन

चंबा जिले में सोमवार को चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसमें 21 वर्षीय युवक मसरूंड का रहने वाला है। जो दुबई से चंबा लौटा था। उसे संस्थागत क्वारंटीन केंद्र में रखा गया था। इसके अलावा कोलकाता से घटासनी आया 35 वर्षीय व्यक्ति, बिहार से चुवाड़ी लौटा 23 वर्षीय युवक और गुवाहाटी से घटासनी लौटा 57 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इसमें दो लोग होम क्वारंटीन थे और दो संस्थागत क्वारंटीन में रह रहे थे। इन लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट कर दिया है। 

हमीरपुर जिले में कोरोना संक्रमण के दो और पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। हमीरपुर के निकटवर्ती गांव सियूनी डाकघर चौकी जंवाला की 22 वर्षीय युवती पॉजिटिव पाई गई है। वह उत्तर प्रदेश के बरेली शहर से आई थी और पहले ही गृह संगरोध में रह रही थी। दूसरा संक्रमित व्यक्ति भोरंज तहसील के गांव जंदल डाकघर हिम्मर का 20 वर्षीय युवक है। वह बिहार से आया था और उसे संस्थागत संगरोध में रखा गया था।

आईजीएमसी शिमला में कोरोना का एक और मामला आया है। पांवटा साहिब का रहने वाले व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह व्यक्ति अस्पताल की इमरजेंसी में बुखार की दवा लेने पहुंचा था। चिकित्सकों ने इसे संदिग्ध वार्ड में दाखिल किया तथा सैंपल लेकर जांच को भेजे। सोमवार शाम आई रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इस मरीज की एक ही किडनी है। कुमारसैन में एसएसबी का जवान पॉजिटिव पाया गया है।

सिरमौर के कालाअंब क्षेत्र में एक संक्रमित केस आया है। 40 वर्ष का यह युवक मेडिकल कॉलेज नाहन आया था। यहां पर कोविड टेस्ट लेने के बाद वह पॉजिटिव आया। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति कालाअंब के एक उद्योग में कार्यरत है। उसके प्राथमिक संपर्क में आने वालों का पता लगाया जा रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें