हिमाचल प्रदेश में पांच और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। कांगड़ा के देहरा निवासी 61 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग को चंबा के सरी वार्ड में दाखिल किया गया था। 24 सितंबर को चंबा से टांडा अस्पताल रेफर किया गया। कोरोना संक्रमित बुजुर्ग निमोनिया से भी ग्रसित था। रविवार देर रात बुजुर्ग ने टांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया। शाम को ऊना जिले की 63 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतक महिला को डीसीएचसी धर्मशाला से टांडा रेफर किया गया था।
मेडिकल कॉलेज नेरचौक में भर्ती सुंदरनगर डिनक के 65 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। मृतक को सर्दी जुखाम और बुखार की शिकायत थी। बिलासपुर अस्पताल में घुमारवीं उपमंडल के पेहड़वी गांव के 43 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई है। आईजीएमसी में चौपाल के 18 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव युवक मरीज की मौत हो गई है। मृतक कुछ समय पहले सड़क हादसे में घायल हुआ था। 25 सितंबर को उसे आईजीएमसी के सर्जरी विभाग में दाखिल किया गया था लेकिन 28 सितंबर को मरीज का कोरोना टेस्ट करवाया गया जिसकी पॉजिटिव आई। आईजीएमसी के प्राचार्य डॉ. रजनीश पठानिया ने इसकी पुष्टि की है। सोलन जिले के नालागढ़ के खेड़ा के एक भाजपा नेता की मां की मौत हो गई है। कोरोना संक्रमित 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ा।
वहीं, सोमवार को प्रदेश में कोरोना वायरस के 201 नए मामले आए हैं। चंबा 23, मंडी 14, सोलन 23, हमीरपुर 20, बिलासपुर 14, सिरमौर 20, ऊना 11, कुल्लू एक, शिमला 36 और कांगड़ा में 39 नए मामले आए है। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल 16033 हो गया है। 3156 सक्रिय मामले हैं। अब तक 12633 मरीज ठीक हो गए हैं। सोमवार को 292 और मरीज ठीक हो गए हैं। 219 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। पूर्व मंत्री रविंद्र रवि और टांडा मेडिकल कॉलेज का डॉक्टर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। आईजीएमसी के सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
विधायक बंजार भी पॉजिटिव
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पीएम मोदी के अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए विधायक का एक अक्तूबर को कोरोना सैंपल लिया गया था, जिसकी दो अक्तूबर को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बंजार विधायक के प्राइमरी संपर्क में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और वन मंत्री राकेश पठानिया समेत कई लोग आए हैं। वहीं, विधायक सुरेंद्र शौरी ने पीएम दौरे की तैयारियों को लेकर हुई बैठकों में हिस्सा लिया था। विधायक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने अपने फेसुबक पेज के माध्यम से उनके संपर्क में आए लोगों को आइसोलेट के साथ कोविड टेस्ट करवाने की अपील की है।
शहरी विकास मंत्री के बेटे के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एहतियातन तौर पर सोमवार को प्राथमिक संपर्क में आए सदस्यों के सैंपल लिए हैं। सुरेश भारद्वाज के कोरोना सैंपल की रिपोर्ट कल आएगी। वहीं, कोरोना संक्रमित व्यक्ति के प्राथमिक संपर्क में आने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तीन दिन के लिए होम क्वारंटीन हो गए हैं। सीएम तीन दिन तक घर से ही काम करेंगे। एडीएम भरमौर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर करते हुए उनके संपर्क में आए लोगों को होम आइसोलेट होने और कोरोना टेस्ट कराने की सलाह दी है। बीएमओ भरमौर डॉ. अंकित शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।