समय 10 से 12 वाला, हर घर बने पाठशाला अभियान में पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को रोजाना होमवर्क दिया जाएगा। विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए शिक्षक रोज नए विषय से जुड़ी डिजिटल सामग्री भेजेंगे। इसके लिए प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय एक नई वेबसाइट बनाने के काम में जुट गया है। बुधवार को प्रारंभिक शिक्षा निदेशक रोहित जमवाल ने सभी जिला अधिकारियों सहित समग्र शिक्षा अभियान के प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस भी की।
उन्होंने बताया कि बीआरसीसी के माध्यम से शिक्षकों तक डिजिटल सामग्री पहुंचाई जाएगी। बीते दिन भेजे गए काम की समीक्षा करने के लिए भी तकनीक तैयार की जा रही है। कोरोना वायरस के चलते हुए लॉकडाउन के दौरान सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की पढ़ाई को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रदेश सरकार ने नया अभियान शुरू किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने ई कंटेंट भेजकर विद्यार्थियों को पढ़ाई करवाने की पूरी प्रक्रिया को समझने के बाद निदेशालय को इस बाबत तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने वीडियो कांफ्रेंस कर जिला अधिकारियों के साथ चर्चा की। निदेशक ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय के साथ मिलकर ई कंटेंट तैयार किया जा रहा है। विषय वार, कक्षा वार रोज की पढ़ाई को लेकर डिजिटल सामग्री तैयार करने में अधिकारी जुटे हुए हैं। इसको लेकर एक वेबसाइट भी तैयार की जा रही है। इस वेबसाइट के माध्यम से शिक्षक शिक्षण सामग्री प्राप्त कर सकेंगे।