कोरोना वायरस को लेकर हेलीकाप्टर उड़ानों में भी सख्ती बरती जाएगी। भुंतर एयरपोर्ट से जनजातीय इलाकों की तरफ आने वाले यात्रियों को मेडिकल प्रमाण पत्र दिखाना होगा। यात्री को अपनी ट्रैवल हिस्ट्री भी देनी होगी। भीड़ न बढ़े, इसके लिए हेलीकाप्टर में सीट मिलने के बाद केवल उसी यात्री को अकेले भुंतर एयरपोर्ट आना होगा। उड़ान समिति कुल्लू और लाहौल-स्पीति प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है।
उड़ान समिति के कुल्लू प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि कोई संक्रमित व्यक्ति हेलीकाप्टर से लाहौल न पहुंचे, इसके लिए यह व्यवस्था की है। सरकार के निर्देशानुसार भुंतर एयरपोर्ट पर भीड़ न उमड़े, इसलिए जिन यात्रियों के नाम सूची में होंगे उन्हें ही भुंतर एयरपोर्ट आने की अनुमति दी जाएगी।
अशोक ने बताया कि लाहौल-स्पीति प्रशासन ने यह व्यवस्था लागू की है। कहा कि हेलीकाप्टर में सवारी करने से पहले यात्रियों को कुल्लू अस्पताल से मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट लाकर एयरपोर्ट में दिखाना होगा। यात्रियों को विदेश यात्रा से संबंधित अंडरटेकिंग भी देनी होगी। इसमें यह जिक्र होगा कि उसने न ही विदेश यात्रा की है और न ही वह किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया है।
यात्रियों को आगाह किया है कि हेलीकाप्टर उड़ानों और सीट आरक्षण से संबंधित जानकारी लेने के लिए अधिक संख्या में उड़ान समिति कार्यालय न आएं। समिति ने कार्यालय में तैनात कर्मचारियों के मोबाइल नंबर जारी किए हैं। यहां से जानकारी ली जा सकेगी।