अदालत ने मकान मालिक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा, पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धाराओं में की कार्रवाई
विज्ञापन
सातवीं मंजिल से गिरी ईंट लगने से हुई है तनिश की मौत अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। संजौली में भवन निर्माण के दौरान ईंट गिरने से किशोर की मौत के मामले में मकान मालिक की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने ठेकेदार और मिस्त्री को भी गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों में अवनीत निवासी गांव जलौल डाकघर बरयारा, तहसील कोटली जिला मंडी और मोहम्मद इकबाल निवासी मोहल्ला गुजरान, गंगोह खालसा तहसील नुक्कड़ जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश शामिल हैं। दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। मकान मालिक शांता लाल चोपड़ा को पुलिस ने सोमवार को अदालत के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संजौली पुलिस ने तीन दिन में मामले की गहन जांच के बाद ठेकेदार को शिमला से जबकि मिस्त्री को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि 29 अप्रैल को 14 वर्षीय तनिश स्कूल से छुट्टी के बाद घर की ओर जा रहा। इस दौरान संजौली में चोपड़ा निवास के निर्माणाधीन भवन की सातवीं मंजिल से ईंट गिरी जो तनिश के सिर जा लगी। इससे तनिश लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यहां मौजूद लोगों की मदद से किशोर को उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया जहां उसका जरनल आईसीयू में उपचार चल रहा था। इस दौरान रविवार को किशोर ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने संजौली पुलिस में स्टेशन में तनिश कौशल की मां तारादेवी की शिकायत पर बीएनएस की धारा 125,125ए के तहत केस दर्जकर किया था और अब गैर इरादतन हत्या की धारा 105 को जोड़ते हुए रविवार शाम को मकान मालिक को गिरफ्तार किया। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ठेकेदार और मिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।