हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पुलिस भर्ती लीक मामला अब राज्यपाल से उठाएगी। कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष और स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य सुखविंद्र सुक्खू इस मुद्दे पर चार जून को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें 90 दिन के भीतर सीबीआई जांच पूरी करने की मांग की जाएगी। राज्यपाल के समक्ष नशा तस्करी और माफिया के बढ़ते प्रभाव का मुद्दा भी उठाया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेंद्र शर्मा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले को लेकर सुक्खू और कांग्रेस पार्टी शुरू से सरकार पर हमलावर तेवर दिखाए हैं।
हर मंच पर सरकार की विफलता को लेकर कठघरे में खड़ा किया जा रहा है। राज्यपाल के समक्ष इस मुद्दे को उठाकर भाजपा सरकार को आईना दिखाया जाएगा। आरोप है कि लिखित परीक्षा पास करने वाले लगभग 2000 अभ्यर्थियों को तीन से आठ लाख रुपये में पेपर बेचा है। पुलिस की कार्यप्रणाली भी इस मामले में संदेह के घेरे में है। पेपर उसी के पास था। कांग्रेस अब पूरे मामले से ज्ञापन के जरिये राज्यपाल को अवगत करवाएगी। नशाखोरी के बढ़ते प्रभाव और सरकार के माफिया के खिलाफ कठोर कदम न उठाने की मांग की जाएगी।