धर्मशाला-पच्छाद उपचुनाव के लिए मतदान के बाद जीत के दावे शुरू हो गए हैं। नतीजे भले ही 24 अक्तूबर को आएंगे लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने दोनों हलकों में पार्टी की शानदार वापसी का दावा ठोक दिया है। राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने प्रदेश की दोनों सीटों पर भाजपा की जीत का दावा किया है। राठौर ने कहा कि लोगों ने धनबल को ठुकरा दिया है।
जिस प्रकार भाजपा ने आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन किया है, उससे साफ है कि वह पहले से ही चुनाव परिणाम को लेकर सहमी हुई है। प्रदेश सरकार ने इसे प्रतिष्ठा बनाकर हर दाव-पेच खेला लेकिन भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा। राठौर ने चुनाव आयोग के रवैये पर भी हैरानी जाहिर करते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता की शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान के लिए लोगों का आभार भी जताया।