कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी रविवार को हिमाचल की चारों सीटों से लोकसभा चुनाव के लिए पैनल फाइनल करेगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस टिकट के लिए दो-दो नामों के पैनल फाइनल करके केंद्रीय चुनाव समिति को भेेजेगी।
इसमें आवेदन करने वाले और न करने वाले प्रत्याशी शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी के जिन नेताओं से चंडीगढ़ और शिमला में मुलाकात की है, उनके नाम भी पैनल में रखे जा सकते हैं।
अगर सीईसी भी नाम फाइनल नहीं कर पाई तो मामला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ा जा सकता है। पार्टी सूत्रों की मानें तो एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 17 मार्च दोपहर 2 बजे गुरुद्वारा रकाबगंज रोड स्थित कार्यालय में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक बुलाई है।
स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य और पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह, प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, मुकेश अग्निहोत्री और महासचिव रजनीश किमटा शनिवार को दिल्ली रवाना भी हो गए हैं।
क्या कहती हैं पाटिल
पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल कहती हैं कि जिन नेताओं ने टिकट के लिए आवेदन नहीं किया है, उनके नामों पर विचार करने से पहले उनकी राय पहले ही ली जा चुकी है।