शिमला के उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते युकां कार्यकर्ता।
- फोटो : SHIMLA CITY
शिमला। भाजपा कार्यकाल में पशुपालन विभाग में चारा और विवि में हुए 1.13 करोड़ के घोटाले को लेकर युवा कांग्रेस शहरी इकाई ने राजधानी में धरना-प्रदर्शन कर रैली निकाली। इकाई उपाध्यक्ष संदीप चौहान और ग्रामीण युकां के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से लेकर डीसी ऑफिस तक रैली निकाली और डीसी के माध्यम से राज्यपाल को मांग पत्र सौंपा।
डीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युकां के महासचिव राहुल चौहान ने कहा कि कैग रिपोर्ट में इन दोनों घोटालों का खुलासा हुआ है। इसमें पशुपालन विभाग में 99.71 लाख का चारा घोटाला उजागर हुआ है, जबकि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में 1.13 करोड़ के प्रोस्पेकट्स घोटाले का भी खुलासा हुआ है। वहीं, भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्कूल वर्दी परीक्षण लैब को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए 1.62 करोड़ खर्च करने का गड़बड़झाला भी सामने आया है।
नेताओं ने कहा कि अपने को पाक साफ और पारदर्शी प्रशासन देने के दावों के साथ सत्ता में आई भाजपा के कार्यकाल में एक के बाद एक घोटाले सामने आ रहे हैं। इन सभी मामलों की जांच की जाए और सच्चाई को सामने लाया जाए। उन्हाेंने राज्यपाल से मांग की है कि इन सभी घोटालों को लेकर सरकार के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। प्रदर्शन में शिमला ग्रामीण के प्रभारी राहुल चौहान, कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के चेयरमैन प्रशांत सेन, ठियोग युवा कांग्रेस के अध्यक्ष आशीष चौहान के साथ कसुम्पटी के मनोज कुमार, मोहित सेखरी, अतुल धांटा, संजय ठाकुर, भानू शांडिल, मोंटी ठाकुर आदि शामिल हुए।