लोकसभा चुनाव को कांग्रेस तैयार, फील्ड में भेजे जाएंगे सभी मंत्री : शुक्ल
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और सांसद राजीव शुक्ल ने कहा है कि पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीट पर मंत्रियों की ड्यूटी लगाकर उन्हें ग्राउंड जीरो पर भेजा जाएगा। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का आंतरिक सर्वे भी चल रहा है। जल्द ही पार्टी प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए जाएंगे। वीरवार को विधानसभा परिसर पहुंचे राजीव शुक्ल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार लगातार अपने कार्यक्रम सरकार गांव के द्वार के माध्यम से भी जनता तक पहुंचने का काम कर रही है।
राजीव शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस की गारंटियों पर सवाल उठाने वाली भाजपा को पहले पीएम मोदी की गारंटियों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले हर साल दो करोड़ रोजगार का वादा किया गया था। इस मुताबिक देश के लोगों को अब तक 20 करोड़ रोजगार मिलने थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो सत्ता में आने से पहले हर बैंक खाते में 15 लाख रुपये डालने की भी बात कही थी। उन्हें बताना चाहिए कि क्या हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये आ गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने जो गारंटियां दी हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। गारंटी के मुताबिक पुरानी पेंशन बहाल की जा चुकी है। महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की गारंटी पर काम चल रहा है। सरकार किसानों से दूध की खरीद भी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी हर गारंटी पूरी करेगी। शुक्ल ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश की राज्य सरकार के साथ भेदभाव कर रही है। विकट आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद राज्य सरकार ने प्राकृतिक आपदा प्रभावितों तक राहत पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर तो बताते हैं, लेकिन एक बार भी आपदा आने के बाद हिमाचल प्रदेश का दौरा करने के लिए यहां नहीं आए।
प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस के केंद्रीय वॉर रूम के पदाधिकारियों को दिए चुनावी टिप्स
लोकसभा चुनावों के लिए गठित कांग्रेस की केंद्रीय वॉर रूम के पदाधिकारियों की वॉर रूम के अध्यक्ष अमित पाल सिंह की अध्यक्षता में वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने वॉर रूम के पदाधिकारियों को चुनावी टिप्स दिए। प्रतिभा सिंह ने एकजुटता के साथ कार्य करने व आपसी तालमेल से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी चुनाव के समय वॉर रूम का बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान होता है। चुनाव मैदान में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ एक सेतु के तौर पर वॉर रूम कार्य करता है। उन्होंने कहा कि जिसे जो भी जिम्मेदारी दी जा रही है, उसे पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाना होगा।
अमित पाल सिंह ने वॉर रूम के सदस्यों से पूरे तालमेल से कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि वॉर रूम के दैनिक कार्यों की समीक्षा दैनिक आधार पर की जाएगी। वॉर रूम का सीधा संपर्क बीएलए, बूथ एजेंट से रखा जाएगा और उससे समय समय पर उसके क्षेत्र की पूरी ग्राउंड रिपोर्ट ली जाएगी। उन्होंने कहा कि वॉर रूम के सभी सदस्यों को केंद्रीय आला कमान के दिशानिर्देश पर कार्य करना होगा। बैठक में मीडिया व सोशल मीडिया के साथ तालमेल की रूप रेखा पर भी विचार किया गया। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जीएस तोमर को मीडिया के साथ समन्वयक व नितिन राणा को सोशल मीडिया के साथ समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा, हरिकृष्ण हिमराल, तरुण पाठक, चंद्रमोहन, कैप्टन एसके सहगल, नितिन राणा, वीरेंद्र जसवाल, डॉ. दिनेश शर्मा, त्रिलोक सूर्यवंशी, कैप्टन अतुल शर्मा, विक्रम शर्मा, हार्दिक शर्मा, रणदीप ठाकुर, विवेक शर्मा, दवेंद्र शर्मा व विनय मेहता भी मौजूद रहे।
जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा ने शिमला से जताई कांग्रेस टिकट पर दावेदारी
वहीं, जिला परिषद सदस्य और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट कौशल मुंगटा ने वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में शिमला संसदीय क्षेत्र से पार्टी टिकट के लिए आवेदन किया। मुंगटा ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस में अपना सफर 8 वर्ष पूर्व एनएसयूआई से शुरू किया था। कांग्रेस की मातृ विंग सेवादल के अध्यक्ष रहे। युवा कांग्रेस के निर्वाचित महासचिव व बाद में तीन वर्षों से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में मीडिया पैनलिस्ट के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। उनसे अधिक मतों से जिला शिमला में कोई भी जिला परिषद का चुनाव नहीं जीता है।