बजट सत्र के दौरान जय राम सरकार को घेरने के लिए रणनीति बनाने को कांग्रेस विधायक दल की होटल हालीडे होम में अहम बैठक हुई। बजट सत्र में सरकार चार्जशीट, स्वाइन फ्लू, वर्दी और कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने हमला बोलने की पूरी तैयारी कर ली है। साथ ही सरकार के जनमंच कार्यक्रम को लेकर विपक्ष सरकार पर निशाना साधने से जरा नहीं चूकेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर सीएलपी नेता मुकेश अग्निहोत्री सहित कांग्रेस के सभी विधायक मौजूद रहे। यह पहली बार हुआ है कि गैर विधायक पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सीएलपी की बैठक में मौजूद रहे।
बताते हैं कि विपक्ष के सदस्य इस बार राज्य के 70 नेशनल हाइवे के निर्माण के मामले में हो रहे विलंब को लेकर भी सरकार को घेरा जाना तय है। स्कूलों में बच्चों को एक साल तक वर्दी नहीं देने को भी सरकार की विफलता माना जा रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और महिलाओं की असुरक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दों को भी सदन में गरमाकर सरकार पर निशाना साधा जाएगा।
प्रदेश में चलाए जा रहे जयराम सरकार के जनमंच कार्यक्रमों के नाम पर अधिकारियों के विभागों में गैर मौजूद रहने से आम जनता को हो रही परेशानी को लेकर भी सरकार को घेरा जाना है। इन जनमंच कार्यक्रमों से लोगों को भविष्य में कोई परेशानियां न हो, इसे लेकर भी सदन में सरकार से आश्वासन मांग सकता है।
समानांतर नियुक्तियों का विवाद जल्द सुलझेगा : राठौर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने अग्रणी संगठनों और विभागों के अध्यक्षों से कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस लें। सभी अग्रणी संगठन और विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। विभागों में अनुशासनहीनता बिल्कुल सहन नहीं की जाएगी। प्रदेश इंटक और पंचायती राज विभाग में समानांतर नियुक्तियों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे इस संदर्भ में शीघ्र ही कार्रवाई करेंगे। केंद्रीय नेतृत्व से मिलकर इस विवाद को समाप्त करेंगे।
राठौर की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अग्रणी संगठनों और विभागों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक राजीव भवन में हुई। राठौर ने कहा कि पार्टी में हर कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता को मान सम्मान दिलाना उनका दायित्व है। वर्तमान परिदृश्य में सोशल मीडिया के महत्व पर राठौर ने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया का प्रभाव निरंतर बढ़ा है। कार्यकर्ता को सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय होकर अपनी गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाना चाहिए।
इस दौरान सभी संगठन अध्यक्षों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष अपने संगठनों की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस महासचिव संगठन रजनीश किमटा, उपाध्यक्ष महेंद्र चौहान और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर, अल्प संख्यक विभाग के चेयरमैन मोहम्मद साजिद खा, व्यापार विभाग अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर,
भूतपूर्व सैनिक विभाग संयोजक कर्नल पटियाल, पेंशनर विभाग संयोजक आत्मा राम, पंचायती राज विभाग के संयोजक हरि चंद शर्मा, डाटा एनॉलिस्ट विभाग के संयोजक मुकेश शर्मा, सोशल मीडिया विभाग के संयोजक राजेंद्र शर्मा, किसान और खेत मजदूर कांग्रेस विभाग के चेयरमैन विशाल चंबियाल, विधि विभाग के चेयरमैन आईएन मेहता, प्रोफेशनल कांग्रेस विभाग के चेयरमैन डॉ. राजेश शर्मा, जनजाति विभाग के चेयरमैन एससी नेगी मौजूद रहे।