पूर्व मंत्री जीएस बाली के निधन पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और सह प्रभारी संजय दत्त ने शोक जताया है। वरिष्ठ नेता के निधन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शोक सभा का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए कांग्रेस ने अगले पांच दिन तक अपने सभी तरह के कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व मंत्री जीएस बाली के निधन से कांग्रेस ने एक कर्मठ, कर्तव्यनिष्ठ और लोगों के प्रति समर्पित नेता को खो दिया है। वे पार्टी की मजबूती के लिए समर्पित रहते थे। प्रदेश के विकास कार्यों और नगरोटा बगवां के विकास में उनके योगदान को जनता हमेशा याद रखे जाएंगे। राठौर अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कांगड़ा के लिए रवाना हो गए हैं।
शोक सभा में पूर्व विधायक आदर्श सूद, प्रदेश कांग्रेस सचिव हरीकृष्ण हिमराल, जिला शिमला ग्रामीण अध्यक्ष यशवंत छाजटा, आईएन मेहता, सचिव वेद प्रकाश ठाकुर, यशपाल तनाईक, अनुराग संगराल, महिला कांग्रेस की वृंदा सिंह, शांता राजटा, जिला महिला अध्यक्ष बनिता वर्मा, सत्या वर्मा, सुनीता ठाकुर, दीक्षा सिंघा अन्य कांग्रेस नेता शामिल रहे। पूर्व अध्यक्ष और विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व मंत्री बाली के निधन से पार्टी ने एक अच्छा नेता खो दिया है। प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की अध्यक्ष विप्लव ठाकुर ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना भगवान से की है। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह और विधायक विक्रमादित्य सिंह, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और हर्ष महाजन ने भी शोक जताया है।