सराज पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
देश की हॉट सीटों में शुमार मंडी संसदीय सीट पर चुनावी सरगर्मियां पूरी तरह से तेज हैं। दोनो दलों के नेता व प्रत्याशी एक दूसरे पर छींटाकशी करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। मंगलवार को अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र सराज में पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रत्याशी पर निशाना साधा है।
'डायरेक्टर साहब नहीं चाहते कंगना जीते'
सराज के जंजैहली में जनसभा को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कंगना हर मंच से कह रही हैं कि आज दिन तक प्रदेश में कांग्रेस ने कोई भी विकास कार्य नहीं करवाए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कंगना को डायरेक्टर साहब जानबूझ कर गलत स्क्रिप्ट पढ़ा रहे हैं, तभी कंगना को कांग्रेस के द्वारा किए गए कार्य नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि डायरेक्टर साहब स्वयं नहीं चाह रहे हैं कि उनकी प्रत्याशी कंगना रनौत यहां से चुनाव जीते। यही आग भाजपा कार्यकर्ताओं में भी लगी है कि कब 4 जून आए और मोहतरमा यहां से जाए।
'केंद्र से मिला 300 करोड़'
वहीं, अपने संबोधन में विक्रमादित्य सिंह ने आपदा के समय केंद्र की ओर से मिली मदद पर बड़ा बयान भी दिया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्र की ओर से आपदा में प्रदेश सरकार को 300 करोड़ की ही मदद दी गई थी। अगर इस आंकड़े को भाजपा गलत साबित करती है तो वे उनके कहने पर कुछ भी करने को तैयार हैं। आपदा के समय भाजपा विधायकों ने केंद्र से सहायता मांगने के नाम पर सदन से पीठ फेरकर वॉकआउट कर दिया था। यह सब बातें आंकड़ों पर आधारित हैं जिनका जवाब नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा विधायकों को आज मंडी की जनता को देना होगा।