कांग्रेस ने ठियोग में विधायक कुलदीप और रामपुर-सुन्नी का मंत्री विक्रमादित्य को सौंपा जिम्मा, भाजपा ने विधायकों को फील्ड में उतारा
विज्ञापन
कांग्रेस का दावा, तीनों निकायों में होंगे पार्टी के अध्यक्ष निर्दलियों पर दवाब बना रही है कांग्रेस : केशव चौहान अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में नगर परिषद रामपुर, नगर परिषद ठियोग और नगर पंचायत सुन्नी में सत्ता की चाबी इस बार निर्दलियों के हाथ में है। इनके जरिये इन निकायों में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ने अपने दिग्गज नेताओं को फील्ड में उतार दिया है। स्थानीय विधायकों और मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है कि वह निर्दलियों से बात करें। वहीं भाजपा ने विधायकों और मंडल अध्यक्षों को जिम्मा सौंपा है।
कांग्रेस का दावा है कि नगर परिषद रामपुर और नगर पंचायत सुन्नी में भाजपा और कांग्रेस ने बराबर सीटें हासिल की हैं। अब निर्दलीय तय करेंगे कि नगर निकायों के अध्यक्ष की कुर्सी किसके हाथ होगी। रामपुर शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह का गृह क्षेत्र है जबकि सुन्नी विधानसभा क्षेत्र है। इसलिए इन दोनों क्षेत्रों में निर्दलियों से बात करने का जिम्मा मंत्री को सौंपा है। इसी तरह ठियोग में कांग्रेस का दावा है कि यहां भी अध्यक्ष उनका बनेगा। यहां भाजपा और कांग्रेस तीन-तीन सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं, जबकि एक निर्दलीय जीता है। अब इस निर्दलीय को अपने साथ मिलाकर दोनों पार्टियां सरकार बनाने का दावा कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने ठियोग के विधायक कुलदीप राठौर को इस बारे में बात करने को कहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं स्टेट वॉर रूम प्रभारी हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि ठियोग, सुन्नी और रामपुर में कांग्रेस मजबूत है। निर्दलियों से चल रही है।
वहीं भाजपा के नेता भी जीते हुए सदस्यों से लगातार संपर्क में हैं। निर्दलीय सदस्यों से संपर्क किया जा रहा है। पार्टी के मुताबिक निर्दलीय उम्मीदवारों में कई भाजपा से ही बागी होकर चुनाव लड़ने वाले नेता हैं। जिला अध्यक्ष केशव चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता का दुरुपयोग करते हुए पार्टी के जीते हुए सदस्यों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। इसको लेकर कार्यकर्ताओं की ओर से शिकायतें मिल रही हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने समर्थित उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की ही नहीं थी तो अब वह कैसे जीत दर्ज करने के दावे कर रही है। जिला महासू के अध्यक्ष अरुण फाल्टा ने कहा कि पार्टी ने जिले में बेहतर प्रदर्शन किया है। अब नगर निकायों में सरकार बनाने के लिए सभी बिंदुओं पर काम किया जा रहा है।