मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि मेरी चादर बिल्कुल बेदाग है, इस पर अगर किसी ने लांछन या दाग लगाया तो सहन नहीं होगा। भाजपा की ओर से बनाई जा रही चार्जशीट पर सीएम बोले - अगर पूर्व सीएम धूमल ने कोई ऐसा-वैसा आरोप लगाया तो राजनीतिक और व्यक्तिगत तौर पर मानहानि का दावा ठोकूंगा।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को ऊना के रक्कड़ में पीडब्ल्यूडी के डिजाइन विंग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने इंदिरा मैदान में एक निजी कार्यक्रम में भी संबोधित किया। सीएम ने सांसद अनुराग ठाकुर को भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से हटाए जाने पर कहा- जैसी करनी, वैसी भरनी।
कहा कि अनुराग ने बीसीसीआई अध्यक्ष पद रहते हुए सुप्रीमकोर्ट को गुमराह किया। इस वजह से सर्वोच्च अदालत ने सख्ती की है। कहा कि हमीरपुर में एक-दो लोगों को छोड़कर बाकी सब बेहतरीन इंसान हैं। उनका हमीरपुर से विशेष लगाव है। सीएम ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एक-एक कर हिमाचल सरकार के साथ हुए परियोजनाओं के समझौतों को तोड़ रही है।