मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि सऊदी अरब में फंसे हिमाचलियों के मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया गया है। इस बारे में राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय से संपर्क किया है। हिमाचल में विदेशी करेंसी पकड़े जाने के मामले में कहा है कि इसे बेवजह तूल दिया जा रहा है।
जिन लोगों के पास विदेशी मुद्रा मिली है, वे विदेश जाते हैं तो उन्हें सिक्के वगैरह ऑफर होते हैं। इस तरह की मुद्रा का मिलना स्मगलिंग नहीं है। अगर मुझे भी कोई विदेशी सिक्के दे और इन्हें जेब में रखा जाए तो इसे स्मगलिंग से नहीं जोड़ा जा सकता। ऐसे मामलों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना गलत है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सोमवार को राज्य सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। कहा कि सऊदी अरब में हिमाचलियों के फंसने के मामले में परिजनों ने सरकार से कोई सहायता अभी तक नहीं मांगी है। राज्य सरकार ने मीडिया में खबर पढ़ने के बाद ही अपने स्तर पर इस संबंध में विदेश मंत्रालय से संपर्क साधा है।
सरकार इस मुद्दे पर गंभीर है। कौशल विकास कार्यक्रम के तहत 17 औद्योगिक संगठनों के साथ समझौता ज्ञापन पर सरकार के हस्ताक्षर के बाद सीएम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह युवाओं को स्वरोजगार दिलाने की दिशा में एक अच्छा कदम होगा।
इसका लाभ प्रदेश के युवाओं को मिलेगा। वे हुनर सीखकर अपनी आजीविका आसानी से कमा सकेंगे। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अच्छी नौकरियां मिलें। युवाओं को ट्रेनिंग के साथ-साथ इंटरनशिप भी करवाई जा सकेगी। उनकी आसानी से प्लेसमेंट भी हो सकेगी।