जी हां आप जो पढ़ रहे हैं वह बिल्कुल सच है। एक जनसभा में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कुछ ऐसा कहा कि आप भी हैरान रह जाएंगे। हिमाचल के मंडी जिल के थलौट में रविवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं लंबा चौड़ा भाषण नहीं करना चाहता हूं। राजनीति का शिकारी हूं। सही निशाने पर वार करता हूं। उन्होंने कहा कि द्रंग क्षेत्र में विकास का स्वरूप बदला है।
स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर का इसमें योगदान रहा है। लेकिन मेरा भी योगदान कम नहीं है। वीरभद्र सिंह ने जनसभा में कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान अच्छा काम करने के बावजूद कौल सिंह को क्यों चक्रव्यूह में फंसा देते हैं। इससे चुनाव में उनका अपने क्षेत्र से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।
चुनाव में भाजपा करती है जातपात की राजनीति
उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे कौल सिंह को ऐसा विश्वास दिलाएं कि अपने क्षेत्र से ज्यादा दूसरे हलकों में चुनाव के दौरान काम कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मैं रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ता था तो नामांकन के बाद दोबारा क्षेत्र में नहीं जाता था। लोग ही चुनाव की कमान संभालते थे। हर क्षेत्र में लोगों की ऐसी भावना होनी चाहिए।
लेकिन जितना ज्यादा काम करो, चुनाव उतना ही महंगा होता है। सत्ता में रहने पर पांच साल तक कोहलू की तरह घूमाते हैं और चुनाव में दांतों तले चने चबाने वाली कहावत खड़ी कर देते हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा चुनाव में जातपात और क्षेत्रवाद की राजनीति करती है। कंसा रैली में उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा था कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अंदर ही अंदर प्रचार किया कि उनका प्रत्याशी खास वर्ग से है।
पनारसा को कॉलेज, औट-बालीचौकी को तहसील
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर करोड़ों की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर सनोर घाटी के लोगों को तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने पनारसा में कॉलेज खोलने, औट और बालीचौकी उप तहसील का दर्जा बढ़ाकर तहसील करने, शिवाबदार में विद्युत सब डिवीजन और ओड़ीधार में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की है।
सीएम के साथ ये रहे मौजूद- स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, बागवानी एवं आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, एससीएसटी निगम के चेयरमैन टेक चंद डोगरा, मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन चेत राम ठाकुर, भूमि विकास बैंक के चेयरमैन शिव लाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, द्रंग ब्लॉक अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया, कृष्ण पाल शर्मा, ललित शर्मा, हरेंद्र सेन आदि इस मौके पर मौजूद रहे।