उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के देश-विदेश में बैठे लोग कंप्यूटर के एक क्लिक पर दर्शन कर सकेंगे। हिमाचल सरकार ने वीरवार को शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर की वेबसाइट का शुभारंभ कर दिया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिमला स्थित सचिवालय में वेबसाइट का शुभारंभ कर ऑनलाइन पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर न्यास की ओर से तैयार की गई वेबसाइट से श्रद्धालु न केवल मां चिंतपूर्णी की ऑनलाइन आरती देख सकेंगे, बल्कि ऑनलाइन पूजा-अर्चना भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इसके आरंभ होने से श्रद्धालु मंदिर न्यास की ओर से संचालित यात्री सदन का आरक्षण भी ऑनलाइन करवा सकेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वेबसाइट को हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी भाषा में बनाया गया है।
वेबसाइट में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिंतपूर्णी तक कैसे पहुंचा जा सकता है। इस बारे भी जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। मंदिर के ऐतिहासिक धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी के अलावा मंदिर के आय-व्यय का लेखा-जोखा और मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी गई है।
ऊना के उपायुक्त अभिषेक जैन जो चिंतपूर्णी मंदिर न्यास के आयुक्त भी हैं, ने मुख्यमंत्री को मां चिंतपूर्णी की तस्वीर, पवित्र चुनरी और प्रसाद भेंट किया। कहा कि मंदिर न्यास ने इस वेबसाइट को तैयार करने के लिए विशेषज्ञ एजेंसी इंक वेब सोल्यूशन चंडीगढ़ के निदेशक कुलदीप कुमार वर्मा की सेवाएं ली हैं। वेबसाइट के माध्यम से देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के लाइव दर्शन कर सकेंगे।
गत वर्ष 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां चिंतपूर्णी के दर्शन किए थे। इस दौरान वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, चिंतपूर्णी के विधायक एवं वित्तायोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, मुख्य सचिव पी मित्रा, अतिरिक्त मुख्य सचिव वीसी फारका, तरुण श्रीधर, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव सुभाष आहलुवालिया, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क डा. एमपी सूद आदि मौजूद रहे।