हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहौल स्पीति, किन्नौर और चंबा, मंडी, कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में बारिश होने की संभावना जताई है।
शनिवार को भी उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना है। उधर, वीरवार को प्रदेश भर में मौसम खराब रहा। हालांकि कहीं भी बर्फबारी और बारिश होने की सूचना नहीं है। लोगों को ठंडी हवाओं ने ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। हालांकि निचले मैदानी इलाकों में तापमान अभी भी सामज्ञन्य है।
मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 9.1, कल्पा में माइनस 1.8 और मनाली में माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए तापमान में गिरावट हो सकती है।