हिमाचल दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 18 अक्तूबर को मंडी जाएंगे। पड्डल मैदान में भाजपा की परिवर्तन रैली से पहले बिजली प्रोजेक्टों के लोकार्पण के दौरान वीरभद्र सिंह प्रधानमंत्री मोदी के साथ रहेंगे। इस दौरान हिमाचल की मांगों को लेकर प्रधानमंत्री को कोई ज्ञापन नहीं सौंपा जाएगा।
विज्ञापन
वीरभद्र ने कहा कि अभी ऐसा करने की जरूरत नहीं है। हिमाचल सरकार समय-समय पर केंद्र को पत्र भेजती रहती है। रैली के बाद भी पत्राचार जारी रहेगा। वीरवार को राज्य सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत मेें सीएम ने कहा कि वह प्रोटोकॉल के चलते प्रधानमंत्री को रिसीव करने जाएंगे।
मंडी में रैली स्थल के निकट कॉलेज भवन में परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन होगा तो वे साथ मौजूद रहेंगे। रामपुर परियोजना, पार्वती परियोजना और कोलडैम परियोजना का मोदी ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे।
विज्ञापन
वीरभद्र सिंह ने कहा कि ये परियोजनाएं हिमाचल की हैं। इन्हें बनाने का काम यूपीए सरकार के समय शुरू हो चुका था और ये काफी समय से फंक्शनल थीं। केंद्र से उस दौरान उद्घाटन को कोई आया नहीं था, इसलिए वर्तमान में प्रधानमंत्री ही इनका उद्घाटन कर रहे हैं।
वन क्लीयरेंस न मिलने से अटकीं कई परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में विकास कार्यों से जुड़ी परियोजनाओं को स्थापित करने के लिए वन एवं पर्यावरण क्लीयरेंस के मामले अटकते आए हैं। हिमाचल को केवल पांच हेक्टेयर तक की ही क्लीयरेंस की शक्तियां दी गई हैं। इन्हें बढ़ाए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आजकल हर चीज सेटेलाइट से देखी जा सकती है।
हिमाचल सरकार चाहती है कि नंगल से भानुपल्ली-बिलासपुर और बिलासपुर से मंडी होते हुए रेल लाइन को पठानकोट तक जोड़ा जाए। यह मामला केंद्र से उठाया गया है। नंगल से ऊना होते हुए अंब-तलवाड़ा से हमीरपुर तक रेल लाइन बनाए जाने की भी मांग उठाई जा रही है।
पड्डल ग्राउंड में उतरेगा प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर
मंडी में 18 अक्तूबर को होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन रैली में सुरक्षा के लिए जिला पुलिस ने 15 सौ जवानों की डिमांड की है। मंडी से सुंदरनगर तक के क्षेत्र को 14 सेक्टरों में बांटा है। यहां पुलिस की कड़ी सुरक्षा रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर रैली स्थल पड्डल ग्राउंड में उतरेगा।
पीएम की सुरक्षा को एसपीजी ने मंडी में डेरा डाल दिया है। एसपीजी के वरिष्ठ अधिकारी ने रैली स्थल और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। अब प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर पड्डल ग्राउंड में ही लैंड करेगा। पहले एसपीजी के अधिकारियों ने नेरचौक के ढांगू ग्राउंड में भी पीएम के हेलीकॉप्टर की लैडिंग की संभावना को देखा था।
वीरवार को भी एसपीजी ने पड्डल ग्राउंड का निरीक्षण किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली में सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंडी से सुंदरनगर के क्षेत्र को 14 सेक्टरों में बांटा गया है। जिला पुलिस को ओर से रैली के लिए 15 सौ जवानों की डिमांड की गई है।
पीएम की रैली के लिए प्रदेश भर के संतों को न्योता
पड्डल मैदान में होने वाली परिवर्तन रैली के लिए भाजपा ने प्रदेश भर के संत, महात्मा एवं पूर्व सैनिकों को न्योता देगी। बल्ह में बैठक को संबोधित करते हुए रैली प्रभारी एवं सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि रैली के दौरान संत, महात्माओं और पूर्व सैनिकों के बैठने की अलग व्यवस्था की गई है।
कहा कि रैली से एक दिन पूर्व छोटी काशी के तमाम मंदिरों का शृंगार किया जाएगा। तमाम मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। रैली में बल्ह क्षेत्र से 15 हजार लोग शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री का संबोधन को सुनने को लोगों में भारी उत्साह है। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर लोग प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने आएंगे।
कहा कि केंद्र सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में देश को जो नई दिशा दी है, उससे देश के नौजवानों में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है तथा विश्व में भारत की ताकत बढ़ी है। इस दौरान बल्ह मंडल भाजपा अध्यक्ष हेमपाल राणा, इंद्र सिंह गांधी, बलदेव सैणी, महंत राम चौधरी, पूर्व मंडलाध्यक्ष संजय रावत, रणवीर सिपहिया अपनी टीम के साथ क्षेत्र में प्रचार-प्रसार में जुटे हैं।
मोदी की रैली में तैनात होंगे एक हजार पुलिस कर्मी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल दौरे के दौरान कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा में एक हजार से ज्यादा जवान तैनात होंगे। मंडी के एसपी ने पुलिस मुख्यालय को छह सौ पुलिस कर्मियों की जरूरत का एक नोट भेजा है। शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में इस संबंध में बैठक होगी। इसमें मंडी के कार्यक्रम के लिए सुरक्षाकर्मियों को कहां से भेजना है, इस पर निर्णय लिया जाएगा।
मंडी के पड्डल मैदान में 18 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन रैली है। इससे पहले पीएम तीन विद्युत परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। पीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रदेश पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है। एक हजार पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती का खाका बनाया है।
विभागीय सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री के तीन सौ मीटर के दायरे में सुरक्षा का बाहरी घेरा बनाया जाएगा। इसके अंदर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात एसपीजी के जवान ही रहेंगे। गिने-चुने अधिकारियों और नेताओं को इस एरिया में जाने की इजाजत होगी। रैली स्थल से दो किलोमीटर दायरे का इलाका सघन चेकिंग कर सिक्योर किया जाएगा।
मैदान के चारों तरफ स्नाइपर्स तैनात होंगे। लोगों को सघन चेकिंग के बाद रैली स्थल में प्रवेश करने दिया जाएगा। एसपी कानून व्यवस्था खुशहाल शर्मा ने बताया कि रैली से 48 घंटे पहले मंडी जिले के सभी सरायों, होटलों की सघन चेकिंग की जाएगी। इस दौरान हर वाहन को पूरी चेकिंग के बाद ही सूबे में प्रवेश करने दिया जाएगा।
वैसे तो पीएम मोदी का हेलीकाप्टर मंडी स्थित पड्डल मैदान में ही उतरना है, लेकिन मौसम को देखते हुए सुंदरनगर स्थित हैलीपैड पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। हैलीपैड के अलावा सुंदरनगर से मंडी तक के रास्ते पर भी सुरक्षा के इंतजाम
होंगे। सूत्रों का कहना है कि अगर मौसम या किसी भी अन्य वजह से पड्डल में चौपर नहीं उतर सका तो उसे सुंदरनगर में उतारने और सुरक्षा के वैकल्पिक इंतजाम रखे जाएंगे।