मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने निवास हॉली लॉज से अर्थ ऑवर का शुभारंभ किया और जनता से बिजली को बचाने और सौर ऊर्जा को इसके विकल्प के रूप में अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने अर्थ ऑवर पर शनिवार शाम को साढ़े आठ से साढ़े नौ बजे तक बिजली बंद रखने की अपील की।
हिम ऊर्जा की ओर से डब्लू डब्लू एफ के सहयोग से आयोजित किए जा रहे इस अभियान में रोटरी टाउन हाल शिमला में 18 स्कूलों के करीब 50 छात्र छात्राओं के लिए अर्थ आवर विषय पर चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस मौके पर हिम ऊर्जा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कंवर भानू प्रताप सिंह, ने विजेता छात्र छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में बीएसएन स्कूल की फेजान ने पहला, ढली वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के आयुष ने दूसरा, डीएवी टुटू के चेतन पार्थ ने तीसरा, जबकि हाई स्कूल खलीनी के विपुल और ब्लू बेल स्कूल ढली के पियूष ने क्रमश: चौथा और पांचवां स्थान पाया।
नारा लेखन प्रतियोगिता में जेसीबी स्कूल की सिमरन ने पहला, ढली स्कूल के मनीष ने दूसरा, ऑकलैंड हाउस स्कूल के छात्र तुषार भारद्वाज ने तीसरा जबकि ब्लू बेल ढली के हरप्रीत सिंह और सेंट थॉमस स्कूल के हितेश ने चौथा और पांचवां स्थान पाया।