निर्मला सीतारमण से मिले सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट कर जिला मंडी में ग्रीनफील्ड हवाईअड्डे के लिए 1000 करोड़ रुपये और कांगड़ा हवाईअड्डे के विस्तार के लिए 400 करोड़ रुपये देने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं के अंतर्गत नए ऋणों पर सीमा लगाने के निर्णय की समीक्षा करने का भी आग्रह किया। पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में ऋण लेने की यह सीमा 14,500 करोड़ रुपये थी। सीएम ने एक दिन पहले ही कहा था कि इसे साढ़े 5,500 करोड़ रुपये कम कर दिया है।
सीएम ने सीतारमण से भेंट कर कहा कि इस फैसले पर पुनर्विचार करने से विभिन्न क्षेत्रों की विकासात्मक गतिविधियों में सहायता मिलेगी। उन्होंने बाह्य वित्त पोषण के लिए आर्थिक मामलों के विभाग की ओर से संस्तुत छह प्रस्तावों के ऋण समझौतों पर हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। उन्होंने सामरिक महत्व की भानुपल्ली-बिलासपुर-लेह रेल परियोजना को सौ प्रतिशत केंद्रीय वित्तपोषित परियोजना घोषित करने या बैरी तक विस्तार के दृष्टिगत राजस्व साझा करने की प्रणाली की संभावना तलाशने के लिए भी आग्रह किया। सीएम ने वित्त मंत्री से वर्तमान वित्त वर्ष के लिए नेशनल पेंशन प्रणाली (एनपीएस) अंशदान की राशि के बराबर राज्य की अतिरिक्त कर्ज लेने की सीमा को कम करने के निर्णय की समीक्षा करने आग्रह किया।