सीएम सुक्खू सोमवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट लागू किया है। प्रदेश की 3,575 पंचायतों की मैपिंग की जा रही है, जिससे धरातल पर नशा कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। राज्यपाल ने नशे को लेकर किस संदर्भ में टिप्पणी की है, उनसे मुलाकात कर बात की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा था कि हिमाचल सरकार प्रदेश में नशा मुक्ति केंद्र खोलने के लिए गंभीर नहीं है। हालात ऐसे ही रहे तो उड़ता हिमाचल बनने में देर नहीं लगेगी। राजभवन में प्रेसवार्ता करते हुए राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि नशा मुक्ति केंद्रों के नाम पर सिर्फ सिरमौर में बन रहे केंद्र की बात होती है लेकिन वह भी कब बनेगा, इसका कुछ भी पता नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चार दिन कैबिनेट बैठकें करना व्यवस्था परिवर्तन का जीवंत उदाहरण है। इन बैठकों के जरिये आत्मनिर्भर हिमाचल की नींव को और मजबूत किया जाएगा। यह बैठकें रोजाना महज 2 घंटे चलने वाली नहीं हैं, इनमें विभिन्न एजेंडों पर विस्तृत चर्चा होगी। बैठक में आपदा राहत पैकेज के अलावा आत्मनिर्भर हिमाचल के लिए विभिन्न फैसले लिए जाएंगे।