डेढ़ वर्ष में लुथान में बनेगा सीएम आदर्श ग्राम सुख आश्रय परिसर
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कांगड़ा के लुथान और मंडी के सुंदरनगर में बनाए जा रहे मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सुखाश्रय परिसरों को निश्चित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने 132 करोड़ रुपये से 400 आश्रितों के लिए बनाए जा रहे परिसर के कार्य को 20 जुलाई 2024 से पूर्व शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस परिसर को डेढ़ वर्ष के भीतर तैयार किया जाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री सुखआश्रय योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे अनाथ बच्चों को हॉस्टल की सुविधा न मिलने पर प्रदेश सरकार किराये के रूप में 3,000 रुपये प्रति माह देगी।
मिड-डे मील में खिचड़ी के बजाय ड्राई फ्रूट देने की संभावनाओं को भी तलाशें
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की प्रोटीन की जरूरत को पूरा करने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में खिचड़ी के बजाय ड्राई फ्रूट देने की संभावनाओं को भी तलाशा जाना चाहिए। सिरमौर के कोटला बड़ोग में आदर्श राज्य स्तरीय नशा निवारण केंद्र बनाया जाएगा। जिसके लिए निविदा प्रक्रिया 20 जुलाई, 2024 तक पूर्ण की जाएगी। इसके अतिरिक्त जिला सोलन में कंडाघाट क्षेत्र के टिक्करी में लगभग 300 दिव्यांगजनों को शिक्षा प्रदान करने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस निर्मित किया जाएगा।
सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने की बैठक।
- फोटो : अमर उजाला
अनाथ बच्चों की कॅरिअर काउंसलिंग के लिए मानक संचालन बनाने को कहा
सीएम ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को अनाथ बच्चों को कॅरिअर काउंसलिंग प्रदान करने और इस संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से इन बच्चों को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए कोचिंग सुविधा प्रदान की जाएगी।