इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गगरेट दौरे के दौरान शनिवार को क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की सौगातें दीं और भाजपा की पूर्व डबल इंजन सरकार पर जमकर प्रहार किया। मुख्यमंत्री ने गगरेट के विधायक राकेश कालिया की सभी जायज मांगों को पूरा करने की घोषणा करते हुए उन्हें पूरा दुलार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति का बेड़ा गर्क कर दिया। हमारी सरकार आर्थिक स्थिति को पटरी पर लाने के लिए दिन-रात काम कर रही है, लेकिन भाजपा ने फिर से सत्ता में आने के लिए चुनाव से छह महीने पहले जो 5,000 करोड़ रुपये की रेवड़ियां बांटीं, उनकी भरपाई करना मुश्किल हो रहा है। कहा कि उन्होंने सरकार बनने पर मुख्यमंत्री की शपथ लेते ही भ्रष्ट व्यवस्था की कमर तोड़ने का संकल्प लिया और बीते ढाई साल में उसमें कामयाब भी रहे हैं। भ्रष्टाचार के चोर दरवाजों को बंद कर हमने अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त राजस्व कमाया है। इस राशि को हम जनहित की योजनाएं लागू कर जनता में बांट रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कालिया की तारीफ करते हुए कहा कि उनका पूरा ध्यान विधानसभा क्षेत्र के कामों को करवाने पर रहता है। उन्हें किसी पद की लालसा नहीं है। कालिया और मैं 4-4 बार के विधायक हैं, मैं मुख्यमंत्री बन गया और मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री हैं। हम तीनों पहली बार एक साथ ही विधायक बने थे। बीते विधानसभा चुनाव में राजनीतिक षड्यंत्र के तहत राकेश कालिया का टिकट कट गया था, लेकिन मां चिंतपूर्णी का उन पर पूरा आशीर्वाद था। गगरेट की जनता ने जिसे बीते चुनाव में चुनकर भेजा था वह राजनीतिक मंडी में बिक गया। जिससे यहां उपचुनाव हुआ और राकेश कालिया मां चिंतपूर्णी व जन आशीर्वाद से विधायक बने। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने करोड़ों रुपये का टैक्स भरने वालों को भी मुफ्त बिजली-पानी की रेवड़ियां बांटी, इससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा। हमने गरीबों के लिए तीन मीटर तक भी 125 यूनिट बिजली फ्री रखी है। भाजपा इस समय प्रदेश में पांच गुटों में बंटी हुई है। उसके नेताओं में अपनी डफली, अपना राग वाली स्थिति है।