मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 100 मेगावाट की ऊहल तीन जलविद्युत परियोजना को मई 2024 तक क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को राज्य सचिवालय में ऊर्जा विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने इस विद्युत परियोजना के क्षतिग्रस्त पेनस्टॉक को आठ माह के भीतर बदलने के निर्देश भी दिए। कहा कि इस परियोजना की स्थापना में पहले ही देरी हो चुकी है। अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में परियोजना कार्य पूरा करने के लिए अथक प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार परियोजना को पूरा करने के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। वह स्वयं 15 जून 2023 को परियोजना स्थल का निरीक्षण कर इसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट घोषणा के अनुसार प्रदेश सरकार राज्य के संभावित उद्यमियों को 100 किलोवाट से दो मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने के लिए 40 प्रतिशत वित्तीय सहायता देगी। सरकार बैंकों से इन परियोजनाओं को वित्त पोषित करने के लिए सहायता भी देगी। उन्होंने इस योजना की रूपरेखा शीघ्र तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को 200 मेगावाट की सौर परियोजनाओं को दिसंबर 2023 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लाहौल-स्पीति जिले में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित करने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में प्रस्तावित छह ग्रीन कॉरिडोर की स्थापना से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इस वर्ष अक्तूबर तक सभी ग्रीन कॉरिडोर के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगभग 1600 किलोमीटर लंबे इन कॉरिडोर के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें इन कॉरिडोर के दायरे में आने वाले शहर भी शामिल होंगे। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार ने मार्च 2026 तक हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार रामसुभग सिंह, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, बहुउद्देश्शीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा सचिव राजीव शर्मा, निदेशक ऊर्जा हरिकेश मीणा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।