हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों को दर्ज कराने के लिए सरकार गोपनीय व्यवस्था तैयार करेगी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। महिलाओं के साथ किसी भी तरह के दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान विधायक मलेंद्र राजन के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार महिलाएं सामाजिक दबाव, बदनामी के डर या अन्य कारणों से उत्पीड़न की शिकायत सामने नहीं ला पाती हैं। ऐसे मामलों में शिकायतकर्ता की पहचान और उसकी निजता सुरक्षित रखना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिकायत दर्ज करने के लिए ऐसी व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिसमें महिलाएं बिना किसी भय के अपनी शिकायत अधिकारियों तक पहुंचा सकें।