प्रकाश चौधरी को बल्ह का अगला प्रत्याशी घोषित किया
सीएम सुक्खू ने पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी को बल्ह से कांग्रेस का अगला प्रत्याशी घोषित किया। उन्होंने कहा कि बल्ह के लोगों ने प्रकाश चौधरी को न जीताकर बहुत बड़ी गलती की। यदि चौधरी जीते होते तो आज मंत्री होते। भविष्य में बल्ह के लोग ऐसी गलती न करें और प्रकाश चौधरी को जीताकर भेजें। प्रकाश चौधरी मेरे भाई व मित्र हैं। उन्होंने प्रकाश चौधरी की सभी मांगों को पूरा करने का ऐलाना भी किया जिनमें बल्ह में जल शक्ति विभाग और विद्युत विभाग का डिविजन कार्यालय और डीएसपी कार्यालय खोलने सहित अन्य योजनाओं के लिए पैसे देना शामिल हैं। इससे पहले सीएम का डडौर चौक पर भव्य स्वागत हुआ। यहां से सीएम को रथ पर सवार होकर कंसा मैदान तक लाया गया। रथ पर सीएम के साथ कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा और एपीएमसी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया भी सवार रहे। संजीव गुलेरिया ने रथ के सारथी की भूमिका निभाई।
डबल इंजन की सरकार ने हिमाचल को कर्ज के दलदल में धकेला: सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में डबल इंजन की सरकार ने हिमाचल प्रदेश को कर्ज के दलदल में धकेला और प्रदेश की संपदा का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश को जीएसटी प्रतिपूर्ति और आरडीजी के रूप में करीब 60 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हुए, लेकिन इस धन का उचित उपयोग नहीं किया गया। सुक्खू ने कहा कि करीब 45 महीने पहले प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व में आमजन की सरकार बनी और एक सामान्य परिवार से आने वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं और उनके दर्द को समझते हुए मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की करीब 1,600 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता बंद कर दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्राकृतिक आपदा और राजनीतिक चुनौती, दोनों का मजबूती से सामना किया। आपदा के दौरान राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से करीब 23 हजार क्षतिग्रस्त घरों को दोबारा बनाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक चुनौती का भी प्रदेश की जनता के सहयोग और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से डटकर सामना किया गया और कांग्रेस विधायकों की संख्या फिर 40 तक पहुंची।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का दृढ़ संकल्प हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर लोगों को उनके अधिकार दिलवाने की दिशा में काम कर रही है। कर्मचारियों और पेंशनरों को उनके वित्तीय लाभ देने के साथ-साथ अनाथ बच्चों और विधवाओं के कल्याण के लिए भी योजनाएं लागू की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने किशाऊ बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने हिमाचल प्रदेश के हितों की मजबूती से पैरवी की है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए सुक्खू ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में मंडी में क्षेत्रवाद का नारा देकर भाजपा ने जिले की 10 में से 9 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में सराज विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर विकास के मामले में पूरे मंडी जिले की अनदेखी की गई। बल्ह विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी चुनाव जीतते तो आज वह प्रदेश सरकार में मंत्री होते। स्थानीय भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वह विधानसभा में अपने क्षेत्र के लोगों की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठाते। उन्होंने भाजपा पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए नेताओं को लेकर भाजपा के भीतर भी असंतोष है।
इससे पहले, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों के हित में अनेक योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चों को एक्सपोजर विजिट के लिए विदेश भेजना मुख्यमंत्री की संवेदनशील सोच और बच्चों के बेहतर भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार, हिमाचल प्रदेश को अपने अधिकारों से वंचित कर रही है। इसके बावजूद राज्य सरकार वित्तीय अनुशासन के साथ प्रदेश का संचालन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठे वादे करके चुनाव जीतने का प्रयास करती है। एपीएमसी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का बल्ह विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, सुंदर सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, पूर्व सीपीएस सोहन सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता चेत राम ठाकुर, शशि शर्मा, लाल सिंह कौशल, जगदीश रेड्डी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, नरेश चौहान, पवन ठाकुर, जीवन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।