मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस रैली की सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम उठाने के भी निर्देश दिए ताकि आम लोगों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को मंडी स्थित पड्डल मैदान में 27 दिसंबर को प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस रैली की सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम उठाने के भी निर्देश दिए ताकि आम लोगों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह के लिए भी सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने मंडी में ‘मेरी ब्यास जीवन की आस’ समारोह में आयोजित ब्यास आरती में भाग लिया। राज्य जल शक्ति विभाग ने नदी उत्सव-आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत यह आयोजन किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने एकादश रुद्र मंदिर में पूजा-अर्जना की। स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि एडीबी के 2100 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के तहत ब्यास नदी का जीर्णोद्धार किया जाएगा। ब्यास के घाटों को संवारा जाएगा और ब्यास आरती को लेकर साल में एक बड़ा उत्सव यहां मनाया जाएगा।
ब्यास नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने की शपथ दिलाई
सीएम ने ब्यास को बचाने के लिए लोगों से शपथ भी दिलवाई। इस दौरान लोगों ने ब्यास में गंदगी न फैलाने और केमिकल से बनीं मूर्तियों को विसर्जित न करने का संकल्प दिलाया। नदी के आसपास रहने वालों लोगों को भी स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कपड़ों के थैले प्रयोग करने की भी लोगों से अपील की।