मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (फाइल फोटो)
पिछले दो साल से निलंबित चल रहे आईजी जहूर जैदी, एसपी डीडब्ल्यू नेगी और डीएसपी मनोज जोशी के निलंबन को खत्म करने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर फैसला लेंगे। राज्य सचिवालय में निलंबन पर विचार करने के लिए मुख्य सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि मामले में अब चार्जशीट कोर्ट में दाखिल हो चुकी है और कोर्ट में लगातार सुनवाई जारी है।
ऐसे में अब निलंबन जारी रखने का औचित्य नहीं है। बैठक के बाद निलंबन को वापस लेने की सिफारिश करते हुए फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय भेज दी गई है। अब मामले में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अंतिम फैसला लेना है। हालांकि मुख्यमंत्री का रुख पिछली रिव्यू मीटिंग के बाद भी सख्त ही रहा था।
दरअसल, भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान गुड़िया हत्याकांड और सूरज लॉकअप हत्याकांड को लेकर पुलिस अफसरों के बहाने कांग्रेस सरकार को जमकर घेरा था। चुनावी प्रचार के दौरान भी यह घटना भाजपा के प्रचार का मुख्य बिंदु थी। यही नहीं गुड़िया हेल्पलाइन शुरू करने का भी विषय इसी घटना के बाद उठा था।